अलवर से आगरा (UP) जा रही बारात की स्कॉर्पियो कार के सामने अचानक कुत्ता आ गया। कुत्ते से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार कार पानी के गड्ढे में जा गिरी। हादसे में दूल्हे के मामा-भाइयों समेत 5 की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा गुरुवार रात 8 बजे डीग-भरतपुर रोड पर RTO ऑफिस के पास हुआ। राहगीरों ने वाहन रोककर बचाव कार्य में मदद की। घायलों को डीग के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीग थाना पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
पहले देखिए, हादसे से जुड़ी 2 तस्वीरें…


5 पॉइंट में समझिए पूरा हादसा…
1. आगरा जा रही थी बारात डीग कोतवाली के एएसआई नौबत सिंह ने बताया- अलवर के मूडपुरी गांव से दूल्हे नरेश की बारात उत्तर प्रदेश के आगरा में गांव सांथा जा रही थी। दूल्हे की कार समेत अन्य गाड़ियां निकल चुकी थीं।
2. कार के सामने कुत्ता आया, बेकाबू होकर पलटी डीग के आरटीओ ऑफिस के पास रात 8 बजे कार के सामने कुत्ता आया तो कार बेकाबू होकर पानी के गड्ढे में गिर गई। हादसे में दूल्हे के मामा समय सिंह (40) पुत्र भीम सिंह और दो दोस्तों गिरवर सिंह और बंटू दास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ममेरे भाई कानू उर्फ सरवन सिंह (26) पुत्र किशन सिंह और चचेरे भाई देवेंद्र (30) पुत्र दशरथ ने डीग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

3. गाड़ी करीब 15 मिनट तक गड्ढे में ही पड़ी रही हादसे में घायल अलवर के झारेड़ा निवासी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सामने से अचानक आए कुत्ते और एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार बेकाबू होकर गड्ढे में जा गिरी। गाड़ी करीब 15 मिनट तक गड्ढे में ही पड़ी रही। इसके बाद पुलिस और लोगों की मदद से सभी को कार से निकाला गया। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को डीग पहुंचाया।

4. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हो गई। घायलों में शैलेंद्र (29) पुत्र हिम्मत, गुड्डू उर्फ़ मलखान (32) पुत्र रतन सिंह राजपूत, जीवन सिंह (32) और आदिल थे। जिन्हें डीग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी अलवर लौट गए।
5. पुलिस ने शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया डीग कोतवाली के एएसआई नौबत सिंह ने बताया- डीग अस्पताल की मॉर्च्युरी में देवेंद्र, गिरवर और बंटू के शव रखे हैं। जबकि समय सिंह और कानू के शव भरतपुर आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर उत्सव कौशल, एसपी राजेश कुमार मीणा और एएसपी अकलेश शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई की। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

हादसे में मामा, भाइयों, दोस्तों की मौत
- समय सिंह (40) – दूल्हे नरेश का मामा था। अलवर में एक निजी कंपनी में काम करता था। 5 बेटियां और एक बेटा है। दो बेटियों की शादी कर दी थी। तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
- कानू उर्फ सरवन (26)– दूल्हे का ममेरा भाई था। शादीशुदा था। दो बेटियां और एक बेटा है। 4 बहनों का इकलौता भाई था। अलवर में निजी कंपनी में काम करता था।
- देवेन्द्र (30) – दूल्हे का चचेरा भाई था। झारेड़ा का निवासी था। 4 साल पहले शादी हुई थी। मजदूरी का काम करता था।
- गिरवर सिंह (45) – परिवार का सदस्य था। झारेड़ा में लाइट फिटिंग का काम करता था। एक बेटा और एक बेटी है। 2018 में पत्नी का निधन हो गया था।
- बंटू दास (40) – असम का रहने वाला था। अलवर में हनुमान तेल मिल पर काम करता था। दूल्हे नरेश का दोस्त था। दोस्त की शादी में शामिल होने आया था।
