पुणे से जयपुर आने वाली स्पाइसजेट एयरलाइंस की फ्लाइट SG – 1080 अपने निर्धारित वक्त के 6 घंटे बाद भी उड़ान भर पाई। इस दौरान एयरलाइन कंपनी ने तीन बार पैसेंजर्स को अलग-अलग टेक ऑफ टाइम दिया। लेकिन तीनों बार फ्लाइट टेक ऑफ नहीं कर पाई। इसके बाद भूखे प्यासे पैसेंजर्स ने पुणे एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया।
दरअसल, स्पाइसजेट एयरलाइंस की फ्लाइट SG – 1080 को गुरुवार शाम 7 बजकर 30 मिनट पर पुणे से जयपुर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरनी थी। तकनीकी परेशानी का हवाला देकर एयरलाइन कंपनी ने निर्धारित वक्त पर फ्लाइट टेक ऑफ नहीं की। इसके बाद पैसेंजर्स को रात 9 बजकर 30 मिनट पर फ्लाइट के टेक ऑफ होने का वक्त दिया गया। लेकिन फ्लाइट टेक ऑफ नहीं हो पाई।
इसके बाद एयरलाइन कंपनी ने एक बार फिर तीन घंटे बाद रात 12 बजकर 30 मिनट पर फ्लाइट के टेक ऑफ का वक्त दिया। लेकिन तब भी फ्लाइट टेक ऑफ नहीं कर पाई।
इस दौरान एयरलाइन कंपनी ने एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे पैसेंजर्स के खाने पीने को लेकर भी किसी तरह की कोई व्यवस्था नहीं की गई। एयरलाइन कंपनी की कार्यशैली को लेकर पैसेंजर्स काफी नाराज हो गए। उन्होंने पुणे एयरपोर्ट पर ही नाराजगी जाहिर करना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में नाराज पैसेंजर्स की एयरलाइन स्टाफ से बहस हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ने लगा तो एयरलाइन कंपनी ने देर रात 1 बजकर 23 मिनट पर फ्लाइट को जयपुर के लिए रवाना किया। इसके लगभग 2 घंटे बाद पैसेंजर्स देर रात जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे।

स्टाफ पर सही से जवाब नहीं देने का आरोप लगाया
पुणे से जयपुर आने वाली पैसेंजर सुमित्रा माथुर ने कहा- स्पाइसजेट एयरलाइंस कंपनी की लचर कार्यशैली की वजह से पैसेंजर को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है। पुणे एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट एयरलाइन स्टाफ न तो हमें सही से जवाब दे रहा है। न ही हमारे लिए पीने के पानी तक की व्यवस्था की गई। इससे सैकड़ों पैसेंजर को बेवजह परेशान होना पड़ा। ऐसे में केंद्र सरकार को इस तरह पैसेंजर के साथ दुर्व्यवहार करने वाली एयरलाइन कंपनी के खिलाफ सख्त एक्शन लेना चाहिए।
भूखे प्यासे पुणे एयरपोर्ट पर परेशान हुए
फ्लाइट में सफर करने वाले पैसेंजर अमिताभ अग्निहोत्री ने कहा- एयरलाइन स्टाफ का यह व्यवहार पूरी तरह से न काबिले बर्दाश्त है। शाम 7:30 बजे की जो फ्लाइट के लिए हम साढ़े 6 बजे से एयरपोर्ट पहुंच गए थे। लेकिन फ्लाइट को देर रात 1:30 बजे रवाना किया है। इसकी वजह से न सिर्फ हम भूखे प्यासे पुणे एयरपोर्ट पर परेशान हुए हैं। बल्कि, हमारा इंतजार कर रहे रिलेटिव्स को भी परेशान होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब हमने एयरलाइन स्टाफ से भी फ्लाइट में देरी को लेकर वजह जाननी चाही। तो उन्होंने न सिर्फ आना कानी की। बल्कि, हमारे साथ गलत तरीके से बातचीत और दुर्व्यवहार भी किया। जिसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाना चाहिए।





