ऑनलाइन फ्रॉड और संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसते हुए अलवर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फ्लिपकार्ट कंपनी के ट्रक से करीब 226 मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाली एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चोरी किए गए 27 एप्पल कंपनी के आईफोन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने जानकारी दी कि ट्रांसपोर्ट कंपनी अमृत सिंह मोटर के मालिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी का एक वाहन फर्जी दस्तावेज पेश कर प्राप्त किया गया। इस वाहन ने भिवंडी महाराष्ट्र स्थित फ्लिपकार्ट वेयर हाउस से माल लोड किया, जिसमें कुल 234 कीमती आइटम (221 आईफोन 16, वीवो, सैमसंग S24 और रेडमी फोन सहित) थे।
जांच में खुलासा हुआ कि ट्रक ड्राइवर नासिर खान और चाहत खान के नाम से फर्जी दस्तावेज पेश किए गए थे। असल में ये आरोपी अफजल और असलम निवासी गोठड़ीगुरु थे। यह गैंग संगठित रूप से काम करती थी।
इन्हें फ्लिपकार्ट कंपनी में काम करने वाला लोकेश नामक व्यक्ति यह जानकारी देता था कि कौन सी ट्रांसपोर्ट कंपनी की गाड़ी में कब और कितना कीमती माल जाएगा। आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के दस्तावेजों का उपयोग करके फर्जी नामों से ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर की नौकरी हासिल कर लेते थे।
मुंबई-दिल्ली मार्ग पर पड़ने वाले रास्ते में ये आरोपी ट्रक का लॉक तोड़कर कीमती मोबाइल फोन चुरा लेते थे और उन्हें सस्ते दामों में बेच देते थे। लक्ष्मणगढ़ थानाधिकारी नेकी राम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गहन अनुसंधान शुरू किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को अफजल पुत्र अकबर (20), असलम पुत्र नसरु (28) निवासी गोठड़ीगुरु, लक्ष्मणगढ़ और सुधीर यादव पुत्र अशोक (25) निवासी असलीमपुर की ढाणी तिजारा को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 27 एप्पल कंपनी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी एप्पल कंपनी के मोबाइल फोन चोरी के दर्जन भर से अधिक मामले दर्ज हैं और ये अंतर्राज्यीय चोरियों में वांछित हैं।
पुलिस की विशेष टीमें अब लोकेश सहित गैंग के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी हुई हैं। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ और डॉ. प्रियंका सिंह के निकटतम पर्यवेक्षण में कई गई।






