Home » राजस्थान » वंदे मातरम @ 150 एक गीत, एक भावना, एक भारत का उद्घोष है

वंदे मातरम @ 150 एक गीत, एक भावना, एक भारत का उद्घोष है

7 नवम्बर, गुरूवार को राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” की रचना के 150 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इसके उपलक्ष्य में पूरे देश की तरह प्रदेशभर में देशभक्ति के महाअभियान “वंदे मातरम@ 150” का शुभारंभ 7 नवम्बर से किया जा रहा है। इस अवसर पर जयपुर के एस.एम.एस. स्टेडियम में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 7 नवंबर, 2025 से 7 नवंबर, 2026 तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी उत्सव के औपचारिक शुभारंभ का प्रतीक है, जो इस कालजयी रचना के 150 साल पूरे होने पर देशभक्ति का उत्साह दिखाने का अवसर है।राष्ट्रभक्ति से रंगे इस कार्यक्रम के साक्षी बनने के निमित्त इस समारोह में सभी आमजन सादर आमंत्रित हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार यह आयोजन देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी, मेडिकल, पैरामेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस, हिंदुस्तान स्काउट गाइड, पुलिस एवं आरएसी के जवान, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा आमजन भाग लेंगे। मुख्य समारोह में सामूहिक “वंदे मातरम” गायन, 50 हजार तिरंगा झंडों का वितरण, स्कूल, पुलिस एवं आर्मी बैंड की प्रस्तुतियां और महापुरुषों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन होगा। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों और आम नागरिकों की उपस्थिति में सामूहिक राष्ट्रगान एवं “वंदे मातरम’ गायन ऐतिहासिक स्वरूप में होगा।
राज्यभर में थिमेटिक प्रदर्शनी, फोटोग्राफ, आर्काइव सामग्री, डिजिटल पैनल और कला प्रदर्शनियों के माध्यम से “वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। इसी दिन अजमेर बीकानेर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर, सीकर, भीलवाड़ा और अलवर सहित नौ जिला मुख्यालयों पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचेगा आयोजन
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 8 और 9 नवम्बर को शेष 31 जिलों में भी प्रभारी मंत्रियों की उपस्थिति में प्रभात फेरी, रन अथवा बाइक रैली के माध्यम से “वंदे मातरम” का जनप्रचार किया जाएगा। शहीद स्मारकों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विद्यालयों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, निबंध लेखन, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिताएं, एनएसएस द्वारा स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही एलईडी स्क्रीन, होर्डिंग्स और विज्ञापन स्थलों पर “वंदे मातरम@ 150″ प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और राष्ट्रीय एकता का संदेश आमजन तक पहुंचेगा। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #Vande Mataram हैशटैग के तहत जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

राज्य और जिला स्तर के साथ ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘एक स्थान, एक समय, एक गीत – वंदे मातरम” की थीम पर सामूहिक गायन कार्यक्रम होंगे जिनमें आमजन, विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाएं और पंचायत प्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे। रन, रैली और सामूहिक सेवाकार्य के माध्यम से स्वदेशी और राष्ट्रीय एकता का संदेश हर गांव तक पहुंचाया जाएगा, जिससे यह आयोजन जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करेगा।

10 नवम्बर को सभी सरकारी कार्यालयों में, 11 नवम्बर को नगर निकाय कार्यालयों में, 12 नवम्बर को पंचायत राज संस्थानों में, 13 नवम्बर को विद्यालयों एवं छात्रावासों में, 14 नवम्बर को उच्च शिक्षा संस्थानों में तथा 15 नवम्बर को अस्पतालों और पुलिस थानों में “वंदे मातरम@ 150” कार्यक्रम एवं स्वदेशी संकल्प आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, 7 नवम्बर से 26 नवम्बर (संविधान दिवस) तक सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रतिदिन “वंदे मातरम” का सामूहिक वाचन किया जाएगा।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

7k Network

Top Headlines

सरकारी स्कूलों में एआई से सशक्त होंगे शिक्षक और विद्यार्थी:मुख्य सचिव

राजस्थान की शिक्षा में एआई की भूमिका विषय पर संवाद कार्यक्रम न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा जयपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई)