राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम‘ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभक्ति के अभियान ‘वंदे मातरम/150‘ के जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन शुक्रवार को अलवर जिले के इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुआ, इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने राष्ट्रगीत की गौरव गाथा व महापुरुषों के योगदान को दर्शाने वाली प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि वंदे मातरम हमारी राष्ट्रीय चेतना एवं अखण्डता का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थितजनों को आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी के संकल्प की शपथ दिलाई एवं वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
प्रदर्शनी में दर्शाया राष्ट्रगीत की पृष्ठभूमि एवं महापुरूषों के योगदान
इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के द्वारा लगाई गई वंदे मातरम/150 प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला व पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी सहित जनप्रतिनिधिगणों ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और राष्ट्रीय एकता का संदेश एवं महापुरूषों का योगदान पर आधारित चित्र लगाए गए, जिसको आमजन एवं विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने उत्साह के साथ देखा। प्रदर्शनी में आए लोगों ने प्रदर्शनी को ऐतिहासिक एवं ज्ञानवर्धक बताया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया तथा राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से सभी में देशभक्ति की भावना का संचार हुआ। जिला कलक्टर ने आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी के संकल्प की शपथ दिलाई। शिक्षाविद् दिनेश शर्मा द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम की पृष्ठभूमि पर तैयार किया गया ऑडियो का प्रसारण किया गया।
अलवर जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने अपने संबोधन में राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने वाले राष्ट्र की अस्मिता के प्रतीक राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने और स्वतंत्रता संग्राम में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में स्वदेशी को अपनाने का आह्वान किया।
शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया नमन, बाइक रैली के माध्यम से दिया देशभक्ति संदेश
इससे पहले जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला व पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी एवं जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। साथ ही कम्पनी से इंदिरा गांधी स्टेडियम तक पुलिस विभाग द्वारा आयोजित बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बडी संख्या में पुलिस विभाग के कार्मिकों ने भाग लेकर देशभक्ति व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा आमजन मौजूद रहे।
Author: Kashish Bohra
Post Views: 74






