आंधी कस्बे के मुख्य बाजार में जयपुर-प्रतापगढ़ स्टेट हाईवे पर अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आंधी तहसील और पंचायत राज विभाग के अधिकारियों ने सड़क पर रखे सामान हटाए, जिससे राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिली।
तहसीलदार प्रांजल कंवर के नेतृत्व में तहसील, ग्राम पंचायत और पुलिस प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने दुकानों के आगे रखे ठेले, स्टैंड और अन्य सामान हटवाए। जिन दुकानदारों ने समझाइश के बावजूद सामान नहीं हटाया, उनका सामान जब्त कर लिया गया। जब्ती की कार्रवाई शुरू होते ही बाजार में हड़कंप मच गया और दुकानदार अपना सामान खुद ही समेटने लगे।
कुछ महीने पहले भी हुई थी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले बिजली ग्रिड से लेकर गौर की ढलान तक करीब दो किलोमीटर लंबे हाईवे के दोनों ओर से आठ फीट अतिक्रमण हटाया गया था। तब इंटरलॉकिंग टाइलें भी लगाई गई थीं। इसके बावजूद, कई दुकानदारों ने दोबारा सड़क पर सामान रखकर अस्थाई अतिक्रमण कर लिया था, जिससे आए दिन यातायात जाम की स्थिति बनती थी।
ग्राम पंचायत और पंचायत समिति की निरीक्षण कमेटी ने पहले दुकानदारों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आंधी तहसीलदार प्रांजल कंवर, सर्किल गिरदावर गिरिराज शर्मा, हलका पटवारी पुनित कुमार, हरिओम मीणा और ग्राम पंचायत सचिव सहित कई अधिकारी मौजूद थे। जब्त किए गए सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ग्राम पंचायत कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया है।






