चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर की अध्यक्षता में मंगलवार को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC), राजस्थान क्षेत्र की 93वीं बैठक स्वास्थ्य भवन, जयपुर में आयोजित की गई। मंत्री खींवसर ने ईएसआईसी के माध्यम से पॉलिसीधारकों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, बीमारी, स्थायी अपंगता, आश्रितजन को सहायता तथा बेरोजगारी भते आदि के संबंध में जानकारी ली तथा दिशा-निर्देश प्रदान किये।
चिकित्सा मंत्री ने अधिकारियों से निगम द्वारा संचालित स्त्री योजना तथा एमनेस्टी (आम माफी) योजना के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में ई.एस.आई.सी. मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर के मानव संसाधन व सुविधा विस्तार तथा संस्थान के 10 से 12 किलोमीटर के दायरे में 5 से 7 एकड़ भू-खण्ड उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त कर्मचारी राज्य बीमा योजना द्वारा संचालित औषधालयों के मानव संसाधन व सुविधा विस्तार, ईएसआईसी सोसायटी के गठन पर भी चर्चा की गई। राज्य के उन क्षेत्रों की पहचान तथा सुविधा विस्तार पर भी विचार किया गया, जहाँ वर्तमान में ईएसआई औषधालय उपलब्ध नहीं है।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, कौशल एवं उद्यमिता, रोजगार विभाग संदीप वर्मा एवं निगम की क्षेत्रीय परिषद के सदस्य नियोजक प्रतिनिधि, कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





