जयपुर एयरपोर्ट से बुधवार सुबह कोलकाता जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG – 191 को एयरलाइन ने संचालन कारणों के चलते रद्द कर दिया। फ्लाइट सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर जयपुर से रवाना होकर दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर कोलकाता पहुंचने वाली थी। लेकिन पैसेंजर्स को उड़ान से ठीक पहले सूचना दी गई कि उड़ान रद्द कर दी गई है।
स्पाइस जेट ने अचानक कैंसिल की फ्लाइट
वहीं अब स्पाइस जेट एयरलाइंस की अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से कोलकाता जाने वाले पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई पैसेंजर्स बिजनेस मीटिंग, परीक्षा और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए यात्रा पर निकले थे, जिन्हें अब वैकल्पिक फ्लाइट या टिकट रिफंड का इंतजार करना पड़ रहा है।
बता दें कि इससे पहले पिछले सप्ताह 11 नवंबर को भी फ्लाइट आखिरी वक्त पर रद्द कर दी गई थी। जबकि काफी दिनों से फ्लाइट नियमित वक्त पर उड़ान नहीं भर पा रही है।

एयरलाइन ने यात्रियों को दिया री-बुकिंग का ऑप्शन
एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, SG – 191 फ्लाइट को ऑपरेशनल रीजन यानी संचालन से जुड़ी तकनीकी या स्टाफिंग वजहों के चलते रद्द किया गया है। एयरलाइन कंपनी ने पैसेंजर्स को ईमेल और एसएमएस के माध्यम से फ्लाइट रद्द होने की सूचना दी है। इसके साथ ही स्पाइसजेट प्रबंधन ने प्रभावित पैसेंजर्स को फुल रिफंड या अगले शेड्यूल पर री-बुकिंग का विकल्प भी दिया है।

स्पाइसजेट एयरलाइंस द्वारा आखिरी वक्त पर सुबह फ्लाइट रद्द करने के फैसले के बाद जयपुर एयरपोर्ट के डिपार्चर एरिया में पैसेंजर्स की भीड़ लग गई। कई पैसेंजर्स ने एयरलाइन काउंटर पर जाकर जानकारी मांगी। जबकि कुछ ने इसे एयरलाइन कंपनी की लापरवाही करार दिया। नाराज पैसेंजर्स ने कहा कि हमें एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही पता चला कि फ्लाइट कैंसिल है।






