जयपुर के दो सूने मकानों में चोरी के लिए बदमाशों के घुसने का मामला सामने आया है। दोनों ही परिवार के मेंबर अपने-अपने काम से बाहर गए थे। लॉक तोड़कर बदमाश लाखों रुपए की कीमत के गहने-कैश चोरी कर ले गए। खोरा बीसल थाने में पीड़ितों ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया कि निवारू रोड के गणेश वाटिका निवासी शंकर लाल के घर चोरी हुई। 15 नवंबर को वह परिवार सहित किसी काम से बाहर गए थे। पीछे से सूने मकान को बदमाशों ने चोरी की नीयत से निशाना बनाया। मकान का लॉक तोड़कर चोर अंदर घुसे। अलमारी में लॉकर में रखा सोने और चांदी का मंगलसूत्र, ब्रेसलेट (200 ग्राम), पायजेब (250 ग्राम), चांदी का सिक्का (10 ग्राम) और 60 हजार रुपए चोरी कर ले गए।
वहीं, चोरी की दूसरी वारदात बालाजी विहार-6 में रहने वाले प्रमोद जांगिड़ के घर हुई। 20 नवंबर की शाम वह परिवार सहित बाहर गए थे। मेन गेट का लॉक तोड़कर घुसे बदमाश अलमारी में रखी सोने की तागडी (40 ग्राम), चेन (12 ग्राम), टिका, 7 जोडी ईयर रिंग, 4 अंगूठी (टोटल- 135 ग्राम) और 42 इंच का एलईडी टीवी भी चुराकर ले गए। वापस लौटने पर पीड़ितों को चोरी का पता चला। खोरा बीसल थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस सबूत जुटाने के साथ वारदात स्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है।






