जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह फ्लाइट संचालन में गड़बड़ी आने से पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरक्राफ्ट की कमी के चलते इंडिगो एयरलाइन ने आखिरी वक्त पर जयपुर से उदयपुर और अहमदाबाद जाने वाली दो महत्वपूर्ण फ्लाइटें रद्द कर दीं। अचानक हुए इस फैसले के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स ने इंडिगो एयरलाइंस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
दरअसल, इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E – 7217 जो जयपुर से अहमदाबाद के लिए सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर रवाना होनी थी। लेकिन तकनीकी कारणों और एयरक्राफ्ट की उपलब्धता न होने से एयरलाइन कंपनी ने आखिरी वक्त पर फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E – 7465 को सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर जयपुर से उदयपुर के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन आज इंडिगो एयरलाइन ने इसे भी आखिरी वक्त पर रद्द कर दिया।

इसके बाद जयपुर से अहमदाबाद और उदयपुर जाने वाले पैसेंजर्स ने जयपुर एयरपोर्ट पर एयरलाइन स्टाफ के खिलाफ मोर्चा खोल फ्लाइट रद्द होने को इंडिगो एयरलाइंस की लापरवाही करार दिया। काफी लोगों ने एयरलाइन स्टाफ पर अपने ट्रैवल प्लान को बिगड़ने का आरोप लगाया। जबकि कुछ ने इंस्टेंट रिफंड की डिमांड की। जिसके बाद इंडिगो एयरलाइंस ने पैसेंजर्स को ऑप्शनल फ्लाइट्स में शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया। जबकि कई को रिफंड देने की प्रोसेस शुरू कर दी।
इंडिगो एयरलाइंस की ओर से बताया गया है कि ऑपरेशनल कारणों के चलते फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं है। एयरलाइन ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए रिफंड और री-बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही है।
इससे पहले मंगलवार को भी जयपुर एयरपोर्ट का फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ा गया था। कल जयपुर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली दो फ्लाइट जहां रद्द हो गई थी। वहीं 20 फ्लाइट अपने निर्धारित वक्त से लेट टेक ऑफ और लैंडिंग कर पाई थी। जिसकी वजह से सैकड़ों की संख्या में पैसेंजर्स को परेशान होना पड़ा था।





