घने कोहरे के कारण उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। मरने वाले एक युवक का हाथ कट कर अलग हो गया। कार सवार तीनों लोग उदयपुर के रहने वाले थे। हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे चित्तौड़गढ़ के भादसोड़ा इलाके में हुआ।
सिक्स लेन पुलिया पर हादसा भादसोड़ा थाने के ASI जीवन सिंह ने बताया- प्रवीण जाट (20) अपने दोस्त ध्रुव सुथार और सौम्य सालवी (18) के साथ उदयपुर से चित्तौड़गढ़ आ रहा था। कार को ध्रुव सुथार (20) ड्राइव रहा था।
सुबह काफी कोहरा होने की वजह से विजिबिलिटी (दृश्यता) कम थी। नरधारी गांव के पास सिक्स लेन पुलिया पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हाईवे पर खिलौने की तरह बिखर गई। ध्रुव और साम्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रवीण जाट घायल हो गया।
हादसे के बाद की तस्वीरें…




टक्कर के समय धमाका हुआ घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के समय तेज धमाका हुआ। चीख-पुकार मच गई। हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सभी राहत कार्य में जुट गए, पर दोनों युवकों को बचाया नहीं जा सका।
इकलौता बेटा हमेशा के लिए चला गया ध्रुव ढिकली रोड, शांतिवन (उदयपुर), सौम्य सत्यनारायण मंदिर के पास, पुरोहितों की मादड़ी (उदयपुर) का रहने वाला था। सौम्य परिवार का इकलौता बेटा था। केबल कनेक्शन का काम करता था। ओपन बोर्ड से 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। दो साल पहले उसके पिता का निधन हो गया था। परिवार में मां और एक छोटी बहन है। ध्रुव मोहन लाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था। माता-पिता प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं।
घायल को उदयपुर रेफर किया नेशनल हाईवे की एंबुलेंस से प्रवीण जाट को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहां से उदयपुर रेफर किया गया। भादसोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रवीण पुरोहितों की मादड़ी (उदयपुर) का रहने वाला है।

परिजनों के आने पर होगा पोस्टमॉर्टम पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजन उदयपुर से रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद ही दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कोहरा और तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।






