डांसर गौरी नागोरी धमाकेदार गानों और एनर्जी से भरे डांस की वजह से हमेशा लाइमलाइट में रहती हैं। नाम बदलने की मजेदार कहानी से लेकर ‘गौरी नाचे नागोरी नाचे’ की ब्लॉक बस्टर सफलता, बिग बॉस में सलमान खान के साथ डांस, हिजाब विवाद, सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, पर्सनल स्ट्रगल और इमोशनल रोलर कोस्टर तक, गौरी ने हर सवाल का बिंदास जवाब दिया।
19 दिसंबर को जयपुर पहुंचीं गौरी ने दैनिक भास्कर से एक खास इंटरव्यू में अपनी जिंदगी के हर उस पहलू पर खुलकर बात की, जिसकी वजह से वो अक्सर चर्चा में रहती हैं।
नागौर जिले की बेटी बताते हुए गौरी ने यह भी ऐलान किया कि यदि खींवसर में उपचुनाव होता है तो वह भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि वे पीएम मोदी से टिकट लेकर जीत हासिल करेंगी।

गौरी नागोरी नाम कैसे पड़ा? गौरी नागोरी- इसका भी एक बेहद रोचक किस्सा है। शुरुआती दिनों में जब मैं म्यूजिक एलबम्स बनाती थी और छोटे-मोटे इवेंट्स में परफॉर्म करती थी, तब मेरा नाम तसलीमा था। उस वक्त मेरे नाम पर लोग काफी आपत्तियां जताते थे। जब मैं कंपनी वालों के पास गई, तो उन्होंने मुझे नाम बदलने की सलाह दी। कंपनी ने कहा कि तुम्हारे नाम में थोड़ा मसाला डालते हैं, तुम गोरी हो और नागौर से हो, तो गौरी नागोरी नाम रख देते हैं। बस इसी तरह मेरा नाम गौरी नागौरी हो गया। इसके तुरंत बाद मेरा गाना ‘गौरी नाचे नागौरी नाचे’ रिलीज हुआ, जिसने मुझे पूरे देश में मशहूर कर दिया।






