डीग में एक सीआरपीएफ कॉन्स्टेबल पर पत्नी को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका कविता (28) के पिता रामधन मीणा ने आरोप लगाया कि है उनकी बेटी के साथ उसके पति लालचंद (35) ने पिटाई की।
इतना ही नहीं जब बच्चे मां को बचाने आए तो सीआरपीएफ कॉन्स्टेबल लालचंद ने उन्हें भी पीटा। इसके बाद बेटी का गला दबाकर जहर दे दिया।
मामला डीग जिले के कुम्हेर इलाके के पिचूमर गांव में रात 1 बजे का है। मारपीट के बाद कविता की बड़ी बहन और भाभी ममता उसे लेकर हॉस्पिटल पहुंची जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

लाल चंद जब भी छुट्टी पर आता तो, पत्नी को पीटता था
बड़ोदकान कठूमर जिला अलवर निवासी रामधन मीणा ने बताया- 10 साल पहले मैंने अपनी बेटी कविता पिचूमर गांव के रहने वाले लाल चंद से की थी।
लाल चंद शादी के बाद से ही शराब पीकर कविता से मारपीट करता था। जब भी लाल चंद उससे मारपीट करता तो, वह हमें इसके बारे में बताती। कई कार हम कविता को समझाते और उसे वहीं रहने की सलाह देते थे।
गुरुवार रात को फिर से लालचंद शराब पीकर आया और कविता के साथ मारपीट की। कविता को बचाने जब उसके बच्चे बीच-बचाव में गए तो लालचंद ने उन्हें भी पीटा।

बड़ी बहन छोटी बहन को अस्पताल लेकर पहुंची
दरअसल, कविता और उसकी बड़ी बहन ममता दोनों का सुसराल एक ही है। ममता की शादी लालचंद के बड़े भाई विजय के साथ हुई थी। कविता के परिजनों ने आरोप लगाया कि रात करीब 1 बजे पहले पिटाई की। इसके बाद लालचंद ने उसका गला दबाकर जहर पिला दिया।
जब वह अचेत हो गई तो लालचंद वहां से फरार हो गया। इस पर ममता कमरे में पहुंची तो वह अचेत पड़ी थी। इस पर रात करीब 2 बजे वह उसे डीग के सरकारी हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

CRPF में नौकरी करता है पति
कविता और लालचंद के दो बेटे है। इसमें बड़ा बेटा लव 8 साल का है और छोटा बेटा कुश 2 साल का है। कविता की मौत के बाद से लालचंद और उसका परिवार फरार है।
कविता के पीहर पक्ष लगातार लालचंद पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कुम्हेर थाने में लाल चंद के खिलाफ शिकायत भी दी है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले ही लालचंद छुट्टी पर आया था।






