अरावली बचाओ जन आंदोलन जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत अरावली पर्वतमाला को हो रहे नुकसान, अवैध खनन तथा पर्यावरण से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर अजमेर में कांग्रेसियों ने पैदल मार्च निकाला।
इस दौरान डीजे पर गाने बजाने को लेकर पुलिस ने टोका तो कांग्रेसियों से झड़प हो गई। बाद में कांग्रेसी नहीं माने और डीजे पिकअप पर गाने चलाते हुए पैदल मार्च निकाला।
कांग्रेसियों ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अरावली बचाओ अभियान एवं मनरेगा को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
सिविल लाइन थाना प्रभारी शम्भूसिंह ने कहा…
कांग्रेस ने पैदल मार्च निकाला। डीजे पिकअप में गाने बज रहे थे। उनको केवल देशभक्ति गाने बजाने के लिए कहा गया। हिदायत दी गई कि कोई हुड्दंगी गाने नहीं बजाएंगे। विवाद जैसी कोई बात नहीं।


अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में ज्योतिबा फूले सर्किल से पैदल मार्च रवाना हुआ। जो गांधी भवन, मदार गेट तक निकाला गया। कांग्रेसियों ने कहा कि पैदल मार्च अरावली पर्वतमाला की रक्षा, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ निकाला गया है।
शुरूआत में ही पुलिस ने डीजे वाले को गाने केवल देश भक्ति के चलाने के लिए बोला लेकिन इसी बीच जयपाल व अन्य कांग्रेसी आ गए और झड़प हुई। इस दौरान पूर्व देहात जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़, डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, नगर निगम प्रतिपक्ष नेता द्रोपदी कोली सहित अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक, मंडल, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता व कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
फोटोज में देखें पैदल मार्च…








