उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र में मंगलवार को भीलिया फंदा में ट्रैफिक जवान ASI राकेश मीणा(47) का अपने ही मकान में जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। घर में वे अकेले थे। पत्नी और बच्चे उनके पैतृक गांव कोटपूतली गए हुए थे। आग उसी कमरे में लगी, जिसमें वे लेटे हुए थे।
बेड पूरी तरह जल गया। शव भी लेटे हुई अवस्था में आधा जला हुआ मिला। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। शव Mb हॉस्पिटल मॉर्च्युरी में रखवाया।
थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में किसी वजह से आग लगने के कारण ही सामने आया है। संभवतः आग बेड पर लगी, जिसकी चपेट में आने से ASI की मौत हो गई।

रात में पत्नी ने कई बार कॉल किया, फिर सुबह पड़ोसी घर भेजा पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी ने ASI को रात में कई बार कॉल किया था। रिंग जाती रही लेकिन कॉल अटैंड नहीं हुआ। फिर सुबह वापस कॉल किए तो पत्नी को चिंता हुई।
उन्होंने पड़ोसी को घर भेजकर पता करने को बोला। पड़ोसी घर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई नहीं बोला। फिर पड़ोसी को धुएं की बदबू महसूस होने पर अनहोनी की आशंका हुई।
पड़ोसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो बेड पर जली हुई लाश दिखी। पुलिस को सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली। घर में पति-पति और उनका एक बच्चा साथ रहते थे। पत्नी और बच्चा उनके पैतृक गांव गए थे।

21 दिसंबर से ड्यूटी से गैरहाजिर थे ASI उदयपुर ट्रैफिक डिप्टी अशोक आंजना ने बताया कि ASI राकेश मीणा के निधन की घटना काफी दुखद है। वे 21 दिसंबर से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे थे। इससे पहले भी कई बार वे इसी तरह गैरहाजिर रहे थे। वे मिलनसार थे और कम ही बातचीत करते थे।






