जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर एयर इंडिया की मुंबई-जयपुर फ्लाइट AI-2781 की लैंडिंग फेल होने से पैंसेजर्स में दहशत फैल गई। पायलट टचडाउन से ठीक पहले फ्लाइट को दोबारा हवा में ले गया। करीब 12 मिनट बाद दूसरे प्रयास में फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हो पाई। इधर, इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में देरी को लेकर सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्र सरकार से कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, एयर इंडिया की मुंबई से जयपुर आ रही फ्लाइट ने दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग का प्रयास किया था। इस दौरान पायलट ने दोपहर 1 बजकर 53 मिनट पर टचडाउन से ठीक पहले विमान को दोबारा आसमान में ले गया। लैंडिंग अप्रोच के अनस्टेबल होने के कारण पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ‘गो-अराउंड’ का फैसला लिया।
करीब 12 मिनट तक फ्लाइट आसमान में ही चक्कर लगाते हुए होल्डिंग पैटर्न में रही। इसके बाद दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हो गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान एयरपोर्ट संचालन सामान्य रहा। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति घोषित नहीं की गई थी।
इस मामले पर एयर इंडिया या एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि बीते दिनों में जयपुर एयरपोर्ट पर बदलते मौसम और तकनीकी कारणों से गो-अराउंड की घटनाएं लगातार सामने आ रही थी।
फ्लाइट देरी से रवाना होने पर गुस्सा हुए सांसद
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने दिल्ली से जयपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E – 170 के तय समय से दो घंटे लेट रवाना होने पर नाराजगी जताई। सांसद ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से कार्रवाई की मांग की है। बेनीवाल को बुधवार शाम 4 बजे इस फ्लाइट से नई दिल्ली से जयपुर पहुंचना था। फ्लाइट निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकी और शाम 6 बजकर 3 मिनट पर रवाना हुई।
बेनीवाल ने अपने X हैंडल पर लिखा-
फ्लाइट पायलट के समय पर नहीं पहुंचने के कारण देरी से रवाना हुई, जबकि लोकसभा सत्र चल रहा है, मुझे आवश्यक काम से जयपुर आना था। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि हाल ही में इंडिगो की मनमानी से आम यात्री भी परेशान रहे हैं। सरकार की सख्ती के बावजूद हालात में सुधार नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में सरकार इंडिगो एयरलाइंस के खिलाफ उचित कार्रवाई करें।





