अजमेर के डूमाड़ा में 6 दिन पहले रास्ते पर अतिक्रमण का विरोध करने रहे पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर पर बोलेरो चढ़ाकर मारने की कोशिश की गई थी। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पूर्व सरपंच की मौत की सूचना पर आज सुबह गुर्जर समाज के लोग और ग्रामीण जेएलएन हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में एकत्रित हुए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया।
देवनारायण बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश भडाणा भी पहुंचे। भडाणा ने कहा कि मामले में एक जनप्रतिनिधि का नाम सामने आ रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस ने भी मामले में लापरवाही दिखाई है।
पुलिस और प्रशासन के बीच वार्ता हुई। इसमें दो दिन में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर मान गए।
मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। मांगलियावास थाना पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी परमेश्वर पुत्र छगनलाल गुर्जर को गिरफ्तार किया था, जिससे बोलेरो गाड़ी जब्त की थी।
पूर्व सरपंच की मौत के बाद प्रदर्शन की PHOTOS




मामले से जुड़ी 3 बड़ी बात
1- अतिक्रमण का विरोध करने पर पूर्व सरपंच पर चढ़ा दी थी बोलेरो
अजमेर जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र के डुमाडा गांव में 7 दिन पहले सार्वजनिक रास्ते में अतिक्रमण का ग्रामीणों ने विरोध किया था। इस पर वार्डपंच के परिजनों ने ग्रामीणों पर बोलेरो चढ़ा दी थी, जिसमें पूर्व सरपंच गोविंद राम गुर्जर सहित तीन अन्य ग्रामीण घायल हो गए थे। पूर्व सरपंच की मंगलवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद गुर्जर समाज के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे है।
2- मंत्री बोले-लोक सेवक के साथ मिलकर जनप्रतिनिधि को मारा
पूर्व सरपंच की मौत की सूचना पर कांग्रेस और भाजपा के नेता जेएलएन हॉस्पिटल पहुंचे। राज्य मंत्री ओमप्रकाश भडाणा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोक सेवक के साथ मिलकर कुछ अपराधियों ने जनप्रतिनिधि के ऊपर गाड़ी चढ़ाई और उनकी जान ले ली। प्रशासन ने मेरे जैसे आदमी को भी हल्के में लिया, या मेरी बात को हल्के में लेते हैं या समाज को हल्के में ले रहे हैं। अपराधियों को पकड़ने में भी शिथिलता बरती है।
3- हॉस्पिटल के अंदर घुसकर किया प्रदर्शन
धरना स्थल पर बैठे गुर्जर समाज के लोग और ग्रामीण प्रदर्शन करते हुए हॉस्पिटल के अंदर घुस गए। ट्रॉमा वार्ड के बाद कुछ देर के लिए नारेबाजी की गई। फिलहाल अजमेर जेएलएन हॉस्पिटल के लेक्चर हॉल में देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, गुर्जर समाज के पदाधिकारी के साथ जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता हुई।





