विधानसभा में बजट बहस का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को ट्रेनिंग के दो साल की अवधि में केंद्र या राज्य की दूसरी नौकरी में चयन पर मौजूदा पद छोड़ने पर राहत देने की घोषणा की है। अब दो साल की ट्रेनिंग अवधि में पद छोड़ने पर वेतन भत्तों की वसूली नहीं होगी। साथ ही अब कर्मचारियों को रिटायरमेंट तक इंश्योरेंस कवर मिलेगा।
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा- खजाना खाली कर गए और सीख हमें देते हैं ,घाटे के बीज बोकर हिसाब हमसे लेते हैं। हमारी सरकार राजस्व आय में वृद्धि करने के लिए प्रयासरत है। कांग्रेस सरकार के वक्त राजकोषीय घाटा जीएसडीपी का के 4.4% था, जबकि हमारी सरकार की ओर से राजकोषीय घाटे का लक्ष्य 2025-26 में 3.87% अनुमानित किया। साल 2026-27 में कम करके 3.6 9% अनुमानित है।

हमारी सरकार सबको साथ लेकर चलने वाली विधानसभा में बजट बहस का जवाब देते हुए दीया कुमारी ने कहा- हमारी सरकार सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार है। विपक्ष की तथ्यात्मक आलोचना का हम स्वागत करते हैं। कुछ ने अनावश्यक अर्नगल आलोचना की, मैं आभारी हूं कि उन्होंने कम से कम बजट तो पढ़ा। यह तो इनकी परंपरा रही है। बजट समझा भले न हो, लेकिन पढ़ तो लिया। नेता प्रतिपक्ष ने आज अनजाने ही सही हमारे पिछली बजट की तारीफ कर दी। आज उन्होंने कविताओं के अलावा ज्यादा कुछ आलोचना करने को मिला नहीं।
दीया बोलीं- राजस्थान को पीछे किसने छोड़ा? दीया कुमारी ने कहा- राजस्थान को पीछे किसने छोड़ा था, यह इतिहास जानता है। शिक्षा, कृषि पर नेता प्रतिपक्ष ने बजट कम करने की बात उठाई। हमारा कृषि बजट कांग्रेस सरकार से 34 प्रतिशत ज्यादा है। कम से कम आंकड़े तो सही रख दीजिए।
बजट में की थी कई घोषणाएं
बता दें कि राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार (11 फरवरी) को लगातार तीसरा फुल बजट पेश किया था। करीब 2 घंटे 54 मिनट के बजट भाषण में दीया कुमारी ने सरकारी कर्मचारियों, किसानों के साथ हेल्थ सेक्टर, पेयजल, ट्रांसपोर्ट सेक्टर में कई घोषणाएं कीं थीं।





