राजस्थान में शहरी निकाय चुनाव की घोषणा के बीच राज्य सरकार ने 21 आरएएस अफसरों के तबादले किए हैं। इनमें एक अधिकारी को एपीओ किया गया है। तबादला आदेश जारी होने के साथ ही सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जगह कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
अलवर में सफाईकर्मियों की नियुक्ति को लेकर वन मंत्री संजय शर्मा से विवाद के बाद भरतपुर विकास प्राधिकरण के सचिव सोहन सिंह नरूका का भी तबादला कर दिया गया है। नरूका का कुछ दिन पहले ही अलवर नगर निगम आयुक्त से भरतपुर विकास प्राधिकरण सचिव के पद पर तबादला हुआ था, लेकिन उन्होंने वहां जॉइन नहीं किया था। अब उन्हें कोटपूतली एडीएम लगाया गया है।
नरूका का गृह जिला अलवर
वन मंत्री संजय शर्मा ने सफाईकर्मी भर्ती को लेकर अलवर कलेक्टर और तत्कालीन नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका के कामकाज पर सवाल उठाते हुए धरना दिया था। इससे पहले ही नरूका का भरतपुर विकास प्राधिकरण सचिव पद पर तबादला हो चुका था, लेकिन वे रिलीव नहीं हुए थे।
अब उनका तबादला कोटपूतली एडीएम के पद पर किया गया है। नरूका का गृह जिला अलवर है। निकाय चुनावों को देखते हुए उन्हें गृह जिले से बाहर पोस्टिंग दी गई है।
नगर निगमों में भी बदलाव
तबादला सूची में पांच आरएएस अधिकारियों को नगर निगमों में उपायुक्त और आयुक्त के पद पर लगाया गया है। जयपुर नगर निगम में तीन उपायुक्त बदले गए हैं। इसके अलावा अजमेर नगर निगम में उपायुक्त और भीलवाड़ा नगर निगम में आयुक्त के पद पर नई नियुक्तियां की गई हैं।

पाठ्य पुस्तक मंडल सचिव का एक दिन में तबादला
पाठ्य पुस्तक मंडल के सचिव बनाए गए महावीर सिंह का एक दिन बाद ही तबादला कर दिया गया। एक दिन पहले जारी सूची में उन्हें करौली एडीएम से पाठ्य पुस्तक मंडल सचिव के पद पर लगाया गया था। अब उन्हें अजमेर नगर निगम में उपायुक्त के पद पर पोस्टिंग दी गई है।
वजीरपुर एसडीएम सुधा रानी मीणा एपीओ
सवाईमाधोपुर जिले के वजीरपुर की एसडीएम सुधा रानी मीणा को एपीओ कर दिया गया है।
आचार संहिता से पहले जारी हुए आदेश
शहरी निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले राज्य सरकार ने यह तबादला सूची जारी की है। आदेश के मुताबिक सभी 21 आरएएस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से रिलीव कर नई तैनाती वाली जगह पर जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.



