Home » राजस्थान » चोरी की बाइक से पॉश कॉलोनियों में चैन और मोबाइल स्नेचिंग, दो बाल अपचारी निरुद्ध

चोरी की बाइक से पॉश कॉलोनियों में चैन और मोबाइल स्नेचिंग, दो बाल अपचारी निरुद्ध

जयपुर। जयपुर दक्षिण में लगातार हो रही चैन स्नेचिंग, मोबाइल स्नेचिंग और पर्स लूट की वारदातों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में बाल अपचारियों ने शिप्रापथ क्षेत्र सहित नारायण विहार इलाके में भी लूट की वारदात करना स्वीकार किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षिराज (आईपीएस) के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में शिप्रापथ थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम को लगाया गया था। टीम का नेतृत्व शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा ने किया।

100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस

12 अगस्त की रात महारानी फार्म स्थित गायत्री नगर-ए में 63 वर्षीय अशोक कुमार जैन के गले से बाइक सवार बदमाश करीब दो तोले की सोने की चैन झपटकर फरार हो गए थे। मामले में शिप्रापथ थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आई मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात में इस्तेमाल बाइक झोटवाड़ा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की।

21 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों बाल अपचारियों को डिटेन किया। पूछताछ में उन्होंने शिप्रापथ क्षेत्र से एक चैन, एक पर्स और दो मोबाइल फोन लूटने के साथ ही नारायण विहार थाना क्षेत्र में भी लूट की वारदात करना बताया।

पहले बाइक चोरी, फिर पॉश इलाकों में वारदात

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बाल अपचारी पहले मोटरसाइकिल चोरी करते और फिर उसी बाइक से पॉश कॉलोनियों की गलियों एवं पार्कों के आसपास घूमकर अकेले महिला या पुरुष को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही चैन, मोबाइल या पर्स झपटकर गलियों के रास्ते फरार हो जाते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के बाद तत्काल इलाके से निकलने के बजाय कई घंटे तक कॉलोनियों में इधर-उधर घूमते रहते थे, ताकि सीसीटीवी फुटेज से उनका रूट ट्रेस करना मुश्किल हो जाए। चोरी की बाइक का पेट्रोल खत्म होने के बाद उसे वहीं छोड़कर पैदल या ऑटो से फरार हो जाते थे।

टीम की विशेष भूमिका

कार्रवाई में शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा, सहायक उप निरीक्षक सुमेर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश, डीएसटी के हेड कांस्टेबल मान सिंह, कांस्टेबल छोटूराम और कांस्टेबल देवेन्द्र की विशेष भूमिका रही। टीम में मंगलज, प्रभास और सवाई सिंह भी शामिल रहे।

पुलिस अब दोनों बाल अपचारियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों और चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

Poola Jada

Top Headlines