जयपुर में बुजुर्ग पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में गिरफ्तार पत्नी-बेटे से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। शराब पीकर झगड़ा करने पर बेटे ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी।
पत्नी और बेटे ने खून के निशान मिटाकर शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर ठिकाने लगाने की पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन ट्रैक्सी ड्राइवर ने हत्या की पोल खोल दी, जिसकी वजह से लाश को गायब नहीं कर पाए।
पुलिस से बचने के लिए बेटा शव को कंधे पर उठाकर 150 मीटर दूर झाड़ियों में डालकर आ गया था। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने आरोपियों से हत्या में यूज कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
डीसीपी (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया- हत्या में आरोपी बेटा सवाईराम जाट (40) और उसकी मां सजना उर्फ सजनी (70) निवासी टोडारायसिंह टोंक को अरेस्ट किया गया था। इनका परिवार करीब 10 साल पहले गांव की जमीन बेचकर जयपुर की जेडीए कॉलोनी गोविन्दपुरा में मकान बनाकर परिवार रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 18 अगस्त की रात को पिता जगदीश (75) शराब के नशे में गाली-गलौच कर झगड़ा कर रहा था। बात बढ़ने पर सवाईराम ने पिता से हाथापाई कर दी। मां सजना ने भी बेटे का साथ दिया। आए दिन के झगड़े से परेशान होकर बेटे सवाईराम ने अपनी मां सजना के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से जगदीश की गर्दन के नीचे वार कर हत्या कर डाली।
कट्टे में फोल्ड कर भरा शव
देर रात हत्या के बाद शव को मां-बेटे ने कमरे में जमीन पर पड़ा रहने दिया। कमरे में बैठकर पुलिस से बचने का प्लान बनाते रहे। इसके बाद मां-बेटे ने लाश को ठिकाने लगाने की ठान ली। दोनों ने 19 अगस्त को सुबह शव को चादर और कंबल में लपेट दिया। कमरे के अंदर बिखरे खून को साफ किया।
बेटा सवाईराम शव को ठिकाने लगाने के लिए जगह तलाशने में जुट गया। इसके बाद मां-बेटे ने मिलकर प्लास्टिक के कट्टे में लाश को डाला। कट्टे में लाश नहीं जाने पर उसे गर्दन व हाथों-घुटनों को मोड़कर फोल्ड कर भर दिया। शव ठिकाने लगाने की जगह नहीं सूझने पर अपने गांव टोडारायसिंह टोंक ले जाना तय हुआ।
कॉल कर ड्राइवर से बात
बेटे सवाईराम ने 19 अगस्त को देर रात करीब 12:40 बजे कॉलोनी में रहने वाले इरफान खान (23) को कॉल किया। पहले कॉल नहीं उठा पाने के कारण वापस कॉल किया। फोन उठाने पर बोला- मैं सवाईराम जाट जेडीए कॉलोनी से बोल रहा हूं। मेरे पिताजी की मौत हो गई है। उनकी डेड बॉडी गांव लेकर जानी है। मेरा गांव टोडारायसिंह के पास लक्ष्मीपुरा है। किराया पूछने पर 4 हजार रुपए बताए। किराया सुनकर बाद में बात करने के लिए कहा, फिर कॉल काट दिया।
नींद नहीं आई तो ड्राइवर के घर पहुंचा
लाश ठिकाने की चिंता को लेकर सवाईराम को रातभर नींद नहीं आई। 20 अगस्त और 21 अगस्त की दरमियानी राद 2:15 बजे सवाईराम जाट पैदल-पैदल टेम्पू ड्राइवर इरफान के घर पहुंच गया। इरफान को कहा- मेरे पिताजी सुबह शांत हो गए थे। डेड बॉडी गांव लेकर जानी है। मैं 3500 रुपए किराए दे दूंगा। कॉल करने पर घर आने की बात कहकर चला गया। करीब 15 मिनट बाद सवाईराम ने ड्राइवर इरफान को कॉल कर बुलाया। ड्राइवर लोडिंग टेम्पू लेकर एड्रेस पर पहुंच गया। घर पर सवाईराम और उसकी मां ने एक सफेद कट्टे में लाश डाल रखी थी।

शक होने पर वापस नीचे उतारा
बंद कट्टे से बदबू आने के बाद भी लाश को एक बार गाड़ी में रख लिया। शक होने पर ड्राइवर ने सवाईराम से हॉस्पिटल के डॉक्यूमेंट मांगे। कागज नहीं होने की बात बताई। फिर जल्दी चलने के लिए कहा। कट्टे पर खून लगा देख और बदबू उठने पर ड्राइवर इरफान का शक गहरा गया। हॉस्पिटल कागज नहीं होने की कहकर लाश को गाड़ी से नीचे उतार दिया।
पुलिस को किया कॉल
टेम्पो लेकर वापस घर लौटते समय ड्राइवर इरफान को शक हुआ कि इन लोगों ने हत्या कर चोरी-छिपे रात में लाश ले जाना चाह रहे हो। खुद के घर के पास पहुंचने पर इरफान ने पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना दी। पुलिस सुबह करीब 3:35 पर ड्राइवर के पास पहुंची। पुलिस को लेकर पहुंचने पर इरफान की बताई जगह पर लाश नहीं मिली। सवाईराम के घर व आस-पास सर्च करने पर भी लाश का पता नहीं चला।
पुलिस को करता रहा गुमराह
पुलिस ने सवाईराम को पकड़कर पूछताछ की। प्रारम्भिक पूछताछ में सवाईराम ने ऐसा कुछ होने से इनकार कर दिया। ड्राइवर के कॉल कर बुलाने की कहने पर मां-बेटे के हाव-भाव में बदलाव आ गया। पुलिस का शक भी पक्का हो गया। पूछताछ करने पर सवाईराम गुमराह करता रहा। उसके बाद पिता की डेथ होने की बताकर लाश को अंतिम संस्कार के लिए चाचा के गांव ले जाना बताया। चाचा व परिवारवालों से बात करवाने की कहने पर मां-बेटे बहाना बनाते रहे।
कंधे पर उठा ले गया लाश
पुलिस को ओर से सख्ती से पूछताछ करने पर सवाईराम टूट गया। बोला- टेम्पू लेकर बुलाने पर ड्राइवर को भी लाश के बारे में पता चल गया था। लाशको घर पर रखना सेफ नहीं था। पुलिस से बचने के लिए घर से करीब 150 मीटर दूर गोविन्दपुरा पानी की टंकी के पास झाड़ियों में लाश को छिपा दिया। लाश को अपने कंधे पर रखकर उठा ले गया था। झाड़ियों में छिपाने के बाद घर वापस लौटकर सुबह होने का इंतजार कर रहा था। सुबह होते ही दूसरी लोडिंग की व्यवस्था कर जल्द से जल्द लाश को ठिकाने लगाने वाला था।
निशानदेही पर मिली कंबल में लिपटी लाश
पुलिस टीम की ओर से आरोपी की निशानदेही पर लाश बरामद की गई। कंबल में लिपटी लाश पर धारदार हथियार से वार किए हुए थे। पूछताछ करने पर आरोपी सवाईराम ने अपनी मां सजना के साथ मिलकर पिता जगदीश की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करना कबूल किया। सबूत मिटाने के साथ शव ठिकाने का प्रयास में जुटा होना बताया। बोला- करीब 4 महीने पहले हत्या के मामले में जेल से बाहर आने के बाद वह मजदूरी करने लगा
मर्डर केस में जेल जा चुका परिवार
बता दें कि जगदीश (75), उसकी पत्नी सजना (70), बेटा सवाईराम (40) व प्रधान (38) और बेटी सुशीला (45) हत्या के मामले में टोंक जेल में बंद थे। प्रधान की पत्नी सुमन महावर (25) की हत्या के आरोप में परिवार के पांचों मेंबर को जेल हुई थी। जांच में सामने आया कि सुशीला की शादी टोंक के पचेवर में मांगीलाल से हुई थी। सवाईराम और प्रधान की शादी जयपुर में हुई थी। सवाईराम की पत्नी अनबन के चलते छोड़कर अपने पीहर चली गई। सितम्बर-2022 को टोंक के पेचवर में रहने वाली सुशीला के घर पर प्रोग्राम था। जिसमें प्रधान अपनी पत्नी सुमन के साथ शामिल होने आया था।
प्रोग्राम के दौरान सुमन की अचानक तबीयत खराब हो गई। इलाज के लिए सुमन को अजमेर के हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। 14 सिम्बर-2022 को सुमन की डेथ हो गई। पुलिस की ओर से मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुमन की डेथ जहर से होना सामने आया था। मृतका सुमन के भाई बनवारी की ओर से 9 मई-2023 को टोंक के पचेवर थाने में पति के परिवार के साथ मिलकर जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने जांच के बाद 12 दिसम्बर-2023 को परिवार के पांचों मेंबर को हत्या का आरोपी माना था। पांचों आरोपियों को अरेस्ट कर टोंक जेल भेज दिया था। पिछले चार महीने पहले प्रधान को छोड़कर परिवार के चारों मेंबर को जमानत मिलने पर बाहर आए थे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






