बजाज नगर थाना पुलिस की गिरफ्त में आए नकली नोट मामले में पकड़े गए चारों आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सभी आरोपी दो दिन की रिमांड पर हैं। 4,30,500 रुपए के नकली नोटों की पुलिस ने मशीन से जांच की तो मशीन भी उन्हें डिटेक्ट नहीं कर पाई। बाद में वाटरमार्क, सिक्योरिटी थ्रेड और सीरियल नंबर की जांच के आधार पर नोटों को नकली पाया गया।
असल नोट के सीरियल नंबर में अंकों का आकार छोटे से बड़ा होता है, जबकि नकली नोटों में अंकों का आकार असली नोटों से कम था। वाटरमार्क में दिखाई देने वाले गांधीजी बिना रोशनी के भी दिखाई दे रहे थे। सिक्योरिटी थ्रेड का रंग नोट को थोड़ा तिरछा करने पर हल्का नीला हो रहा था, जो असली नोट से अलग था। इन तीन जांच के आधार पर सभी नोटों को नकली माना गया। अब इसकी जांच के लिए आरबीआई, एफएसएल और दिल्ली आईबी की टीम भी जयपुर आएगी। आरोपियों को पकड़ने में थाना स्पेशल के रामअवतार और अन्य की अहम भूमिका रही।

असली नोट की पहचान
- वॉटरमार्क: रोशनी में गांधीजी व मूल्यवर्ग दिखे।
- सुरक्षा धागा: नोट में धागा साफ दिखे।
- उभरी छपाई: गांधीजी की तस्वीर व चिह्न छूने पर उभरे हों।
- रंग बदलता अंक: नोट को तिरछा करने पर रंग बदले।
- माइक्रो लेटरिंग: छोटे अक्षरों में RBI अंकित हो।
कोलकाता में मुलाकात, सुनारिया जेल में दोस्ती… फिर जुड़े नकली नोटों के खेल से
- साहिल चौधरी: सीकर के रामसीसर, फतेहपुर का निवासी। डेढ़ साल पहले कोलकाता गया था, जहां नीमकाथाना निवासी जीतू के जरिए उसकी मुलाकात रोहतक के अमन राणा से हुई। अमन के साथ मिलकर वह कोलकाता में लोगों के करंट अकाउंट खुलवाता था, जिनमें साइबर फ्रॉड का पैसा डाला जाता था। अमन के लिए उसका काम जयपुर में आने वाले नकली नोटों को यूएसडीटी में बदलवाना था।
- अंशुल चौधरी और आकाश:दोनों की दोस्ती रोहतक की सुनारिया जेल में हुई। दोनों ही आदतन अपराधी हैं और अमन राणा के साथी हैं।
- प्रियांशु चौधरी: अंशुल का दोस्त है। वह रोहतक में फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है। रोहतक का होने के कारण वह अंशुल को जानता है। ये सभी अमन राणा के लिए काम कर रहे थे।
25% की पार्टनरशिप… नकली नोट खपाने के लिए अमन के साथ 25% की पार्टनरशिप थी। अंशुल, आकाश और प्रियांशु हरियाणा से नकली नोट लेकर 21 को जयपुर पहुंचे थे। साहिल ने लोकेशन दी और वे वहां पहुंचे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






