9 साल की अंजलि इस दुनिया से जाते-जाते तीन लोगों को नई जिंदगी दे गई। सड़क हादसे में घायल होने के बाद उसका जोधपुर के एम्स में इलाज चल रहा था। 27 अगस्त को डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित किया। इसके बाद परिवार ने अंगदान का फैसला लिया। आज अंजलि की दोनों किडनी और लीवर डोनेट किए गए। एक किडनी और लीवर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा गया है। वहीं दूसरी किडनी यही जोधपुर एम्स में पेशेंट को ट्रांसप्लांट की जाएगी।
19 अगस्त को स्कूल जाते वक्त हुआ था हादसा
अंजलि के पिता अशोक दास ने बताया कि वे पचपदरा के रहने वाले हैं। 19 अगस्त को अंजलि स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची दूर जाकर गिरी। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद अंजलि को इलाज के लिए जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
अशोक दास ने बताया कि वह ड्राइवर है और उनकी पत्नी हाउस वाइफ हैं। शादी के 12 साल बाद उनके बच्चे हुए थे। अंजलि के बाद उनका एक बेटा भी है।
उन्होंने बताया की शुरुआत में परिजन अंगदान के लिए राजी नहीं हुए थे, लेकिन समझाने के बाद वे मान गए थे।

AIIMS जोधपुर में अब तक 37 अंगदान
SOTTO, ROTTO और NOTTO के समन्वय से परिवार को अंगदान के लिए प्रेरित किया गया। AIIMS जोधपुर ने मार्च 2024 में मृतक अंगदान कार्यक्रम की शुरुआत की थी। अंजलि का अंगदान यहां का 12वां कैडैवरिक डोनेशन है। खास बात यह है कि तीसरी बार किसी बच्चे ने यहां अंगदान किया है। अब तक यहां 37 ऑर्गन डोनेट किए जा चुके हैं।

वेंटिलेटर के जरिए अंगों को सुरक्षित रखा जाता है
ब्रेन शरीर के सभी अंगों को कंट्रोल करता है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण सांस लेने वाला फंक्शन है। सांस लेने वाला फंक्शन यदि चला जाता है तो वेंटिलेटर के जरिए ऑक्सीजन शरीर के अंगों तक आर्टिफिशियल तरीके से पहुंचाई जाती है। इससे अंगों को कुछ समय तक के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है, ताकि उसे दूसरों के शरीर में ट्रांसप्लांट किया जा सके।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






