करौली जिले से अस्थि विसर्जन के लिए सोरोंजी तीर्थस्थल जा रहे 5 लोगों की उत्तर प्रदेश के कासंगज में सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। मरने वालों में दो सगी बहनों और एक चचेरे भाई समेत एक ही परिवार के 5 लोग शामिल है।
जानकारी के अनुसार, हाईवे के बीचों-बीच ड्राइवर ट्रक को पीछे ले रहा था, इस दौरान तेज रफ्तार पिकअप उससे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी सवार सभी लोग हिंडौन थाना क्षेत्र के रेवाई गांव और भरतपुर जिले के रहने वाले हैं।
देखिए घटनास्थल की 2 तस्वीरें…


अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे सोरोंजी तीर्थस्थल
गांव के प्रशासक संतोष कुमार ने बताया- रेवाई गांव निवासी रविंद्र की मां सुआ (80) का 25 अगस्त को बीमारी से निधन हो गया था। रविवार शाम 5 बजे 11 पुरुष, 8 महिलाएं और 7 बच्चों समेत कुल 26 लोग पिकअप से सोरोंजी तीर्थ स्थल (यूपी) के लिए रवाना हुए।
सोमवार तड़के 3:45 बजे कासगंज-मथुरा रोड पर मोहनपुरा से पहले शिव इंटर कॉलेज कातौर के पास उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई। पीछे सो रही सवारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उछलकर 5 फीट दूर जा गिरे। कई लोग सीटों के नीचे दब गए। पिकअप का बोनट पूरी तरह से पिचक गया।

21 घायलों का कासगंज जिला हॉस्पिटल में इलाज जारी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को कासगंज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 3 को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में गंभीर घायल 8 लोगों को अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां 2 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 21 घायलों का कासगंज हॉस्पिटल में इलाज जारी है।
मरने वालों की पहचान उमेश (33), प्रेमवती (35), नेहरू (60), रीना (32), अंजलि (28) के रूप में हुई। वहीं राजकुमारी (25), सीमा (25), सपना (26), विमलेश (30), रविंद्र (34), चंद्रभान (25), तेजराम (60), मयंक (12), लक्ष्य (11), चिराग (5), कविता (22), कर्मवीर (38), रेयांश (3), प्रियांशी (3), नेतराम (60), कान्हा (2), वंदना (30), रंजीत (33), नैतिक (14) और मैक्स ड्राइवर भूपेंद्र (27) घायल हो गए।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






