बीकानेर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक युवक और सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। पहला हादसा श्रीडूंगरगढ़ के जोधासर गांव के पास नेशनल हाईवे पर रविवार रात हुआ, जहां कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में कार सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा बज्जू थाना क्षेत्र में हुआ, जहां बाइक सवार शिक्षक गंभीर घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जोधासर के पास कार-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत
श्रीडूंगरगढ़ में जोधासर गांव के पास रविवार रात करीब 11 बजे कार और ट्रक की भिड़ंत हुई। श्रीडूंगरगढ़ की ओर से बीकानेर जा रहा ट्रक और सामने से आ रही कार आमने-सामने टकरा गए।
हादसे की सूचना मिलने पर टोल प्लाजा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से कार सवार रायसिंहनगर निवासी और वर्तमान में लखासर निवासी संदीप पुत्र किशनलाल को उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बज्जू में बाइक सवार शिक्षक गंभीर घायल
दूसरा हादसा बज्जू थाना क्षेत्र में हुआ। यहां बाइक पर सवार दो लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति मामूली घायल हुआ, जबकि बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को इलाज के लिए बज्जू लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए शिक्षक को बीकानेर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
राजकीय स्कूल में अध्यापक थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षक राजकीय स्कूल में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। हादसे की सूचना के बाद बज्जू थाने के एएसआई नेमाराम पीबीएम अस्पताल पहुंचे और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शिक्षक का शव उनके पैतृक गांव गौड़ू ले जाया जाएगा। पुलिस ने दोनों हादसों को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






