बीकानेर के गंगाशहर थाना पुलिस ने शहर में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में शहर में करीब 11 नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से अब तक करीब 25 लाख रुपए का सोना-चांदी बरामद किया गया है।
पुलिस ने जगदीश कुमार लखेसर, राहुल नायक और संजय कुमार सोनी को गिरफ्तार किया है। मामला 29 जुलाई को सुजानदेसर निवासी रेणु गहलोत के घर में हुई चोरी से जुड़ा है।
घर से बाहर जाने के बाद रात में की चोरी
रेणु गहलोत के घर से बाहर जाने के बाद अज्ञात चोर रात में ताला काटकर अंदर घुसे थे। चोर घर से सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में मुख्य आरोपी जगदीश कुमार लखेसर और राहुल नायक ने अपने साथी अनिल कुमार ब्राह्मण के साथ मिलकर शहर में करीब 11 नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया।
चोरी का सोना-चांदी खरीदने और उसका स्वरूप बदलने वाले संजय कुमार सोनी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दिन में रेकी, रात में इलेक्ट्रॉनिक कटर से ताले काटते
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय शहर में बंद मकानों की रेकी करते थे। वे ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जिनके बारे में उन्हें पता होता था कि वहां रात में कोई मौजूद नहीं है।
इसके बाद रात में इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन से मकान, दरवाजे और अलमारियों के ताले काटकर अंदर घुसते थे। आरोपी घर से सोना-चांदी और नकदी चोरी कर ले जाते थे।
सुनार के जरिए बदल देते थे गहनों का स्वरूप
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए सोने-चांदी के गहनों का स्वरूप बदलने के लिए उन्हें सुनार को दिया जाता था। पुलिस ने इसी सिलसिले में चोरी का माल खरीदने और उसका स्वरूप बदलने वाले संजय कुमार सोनी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनसे शहर में हुई अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में गंगाशहर थाना पुलिस और विशेष टीम की भूमिका रही।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





