Home » राजस्थान » दो करोड़ के स्कूटर पार्ट्स से भरा ट्रक लूटने की साजिश का 24 घंटे में खुलासा

दो करोड़ के स्कूटर पार्ट्स से भरा ट्रक लूटने की साजिश का 24 घंटे में खुलासा

जयपुर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर करीब दो करोड़ रुपये कीमत के स्कूटर पार्ट्स से भरे ट्रक की लूट के मामले का पापड़दा थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस चालक ने खुद को लूट का पीड़ित बताया था, वही इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार निकला। चालक ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर ट्रक को हड़पने की योजना बनाई और लूट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस ने मामले में परिवादी एवं ट्रक चालक माहिर आजाद को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर करीब दो करोड़ रुपये कीमत के स्कूटर पार्ट्स से भरा ट्रक नंबर PB13BF8707 हरियाणा के फिरोजपुर झिरका से बरामद कर लिया गया है। मामले में साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक दौसा पीयूष दीक्षित के सुपरविजन तथा पापड़दा थानाधिकारी जनमेजाराम के नेतृत्व में की गई। बांदीकुई थानाधिकारी जहीर अब्बास एवं कोलवा थानाधिकारी मनोहर लाल की टीमों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
चालक ने सुनाई थी बदमाशों द्वारा लूट की कहानी
एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को माहिर आजाद पुत्र अलादीन निवासी खेस्ती थाना सीकरी जिला डीग ने पापड़दा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह 28 अगस्त को मुंबई से ट्रक में स्कूटर पार्ट्स भरकर जींद जा रहा था। 31 अगस्त की शाम करीब आठ बजे आलूदा रेस्ट एरिया पर रुका था। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और आगे तक छोड़ने के लिए कहा। मना करने पर दोनों जबरन ट्रक में बैठ गए और उसे मारपीट कर ट्रक के अंदर पटक दिया।
परिवादी ने पुलिस को बताया कि दोनों युवकों में से एक ट्रक चलाने लगा और करीब रात 10 बजे उसे पिलर नंबर 154 के पास हाथ-पैर बांधकर छोड़ दिया तथा ट्रक लेकर फरार हो गए। इसके बाद उसने किसी पिकअप चालक के मोबाइल से अपने भाई को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
सीसीटीवी और टोल रिकॉर्ड ने खोली साजिश की परतें
घटना की सूचना मिलते ही पापड़दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्ट एरिया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने भांडारेज सहित अन्य टोल प्लाजा के कैमरों और ट्रक के फास्टैग रिकॉर्ड की भी जांच की। जांच में पता चला कि ट्रक रात करीब 10:58 बजे फिरोजपुर झिरका टोल पार कर चुका था।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के अध्ययन के दौरान पुलिस को परिवादी के बयानों पर संदेह हुआ। इसके बाद माहिर आजाद से गहन पूछताछ की गई।
पूछताछ में खुद रची लूट की साजिश कबूली
पुलिस जांच में सामने आया कि माहिर आजाद ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर ट्रक लूटने की योजना बनाई थी। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार उसके साथी आलूदा रेस्ट एरिया में पहले से मौजूद थे। योजना के तहत ट्रक को माल सहित वहां से ले जाया गया।
इसके बाद लूट की झूठी कहानी को वास्तविक दिखाने के लिए माहिर आजाद के हाथ-पैर बांधकर उसे पिलर नंबर 154 के पास छोड़ दिया गया। उसने पुलिस के सामने खुद को लूट का शिकार बताते हुए अज्ञात बदमाशों द्वारा ट्रक लूटे जाने की कहानी सुनाई थी।
पुलिस ने परिवादी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया और 24 घंटे के भीतर लूटे गए ट्रक को फिरोजपुर झिरका से बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines

चौमूं में कल होंगे माखन चोर मटकी कार्यक्रम:दिल्ली-कोलकाता के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, आधी रात को होगा मटकी फोड़

चौमूं में इस बार कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर काफी उत्साह है। शहर में कई जगह माखन चोर मटकी फोड़ कार्यक्रम