Home » राजस्थान » निकाय चुनाव में भाजपा बड़े बहुमत की ओर, जनता ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने को तैयार:मदन राठौड़

निकाय चुनाव में भाजपा बड़े बहुमत की ओर, जनता ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने को तैयार:मदन राठौड़

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में हो रहे निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बड़े बहुमत के साथ जीत की ओर बढ़ रही है। प्रदेश की जनता विकास के लिए ‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ बनाने का मन बना चुकी है। चुनावी मैदान में भाजपा इस समय टॉप पर है और पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव अभियान में जुटे हुए हैं। राठौड़ ने कहा कि भाजपा के पास योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। हमारे यहां अधिक योग्य कार्यकर्ता होना ही हमारी पूंजी है। पार्टी ने वर्षों से कार्यकर्ताओं को तैयार किया है, लेकिन टिकट एक ही कार्यकर्ता को मिल सकता है। टिकट नहीं मिलने के कारण कहीं कोई नाराजगी या विरोध है तो उसे बातचीत और संगठन के स्तर पर दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता कड़ी से कड़ी जोड़ना चाहती है, क्योंकि जनता को विकास चाहिए। यह विकास तभी संभव है जब ऊपर से सहयोग मिले। केंद्र से राजस्थान को और राजस्थान सरकार से स्थानीय निकायों को पूरा सहयोग मिलेगा। भाजपा विकास के मामले में किसी के साथ भेदभाव नहीं करती।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थानी कहावत का उल्लेख करते हुए कहा कि “मामा रो ब्याह होवे और मां परोसण वाली होवे तो कमी काई की।” उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार के साथ स्थानीय निकायों में भी भाजपा की सरकार होगी तो विकास कार्यों को गति मिलेगी और संसाधनों की कोई कमी नहीं रहेगी। राठौड़ ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर कहा कि इस प्रकार के प्रदर्शन से जनता स्तब्ध है। देश को तोड़ने की बात करने वाले और राजस्थान की गौरवशाली परंपराओं एवं जौहर जैसी ऐतिहासिक विरासत को बदनाम करने वालों को सबक सिखाने की जरूरत है। ऐसे मामलों में समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कड़ा संदेश दिया जाना चाहिए।

‘वन स्टेट—वन इलेक्शन’ को सफल बनाने का संकल्प

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की अपेक्षा “वन नेशन, वन इलेक्शन” की है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में “वन स्टेट—वन इलेक्शन” की पहल की है। इसे सफल बनाने के लिए पूरी पार्टी एकजुट होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एक साथ चुनाव कराने की यह व्यवस्था सफल होती है तो दूसरे प्रदेश भी इसे लागू किया जाएगा। स्थानीय निकाय, पंचायत और सहकारिता क्षेत्र के चुनाव एक साथ कराने से बार-बार चुनावी प्रक्रिया में लगने वाला समय बचेगा और सरकार तथा जनप्रतिनिधि लंबे समय तक विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अपना बहुत सा समय चुनावी गतिविधियों में ही निकाल दिया। भाजपा की सोच स्पष्ट है कि चुनाव सीमित अवधि में पूरे हों और उसके बाद सरकार तथा संगठन पूरी ताकत के साथ विकास और जनकल्याण के कार्यों में जुटें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संगठन विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जयपुर में रोड शो की तैयारियों को लेकर बैठक, वार्डों में घर-घर प्रचार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में जयपुर शहर के विधायकों के साथ बैठक कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रस्तावित रोड शो की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जयपुर शहर के विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थन में जनसंपर्क किया। राठौड़ ने वार्ड 110 से भाजपा प्रत्याशी ज्योति खंडेलवाल, वार्ड 111 से संजय जायसवाल एवं वार्ड 108 से मीनाक्षी पारीक के समर्थन में क्षेत्रवासियों से संवाद किया और भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।

इसके बाद शाम को झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 35 में भाजपा प्रत्याशी विमल कटियार के समर्थन में धावास रोड स्थित यादव मैरिज गार्डन से लेकर रजनी विहार, जगदंबा नगर ए,बी,सी, जगदीशपुरी एवं निर्बाक मंदिर क्षेत्र में रोड शो किया। कार्यक्रम के दौरान झोटवाडा विधायक और कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित भाजपा के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।राठौड़ ने देर शाम वार्ड 137 में भाजपा प्रत्याशी विमल अग्रवाल के समर्थन में भी प्रचार-प्रसार किया और आमजन से भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह, कार्यकर्ताओं का जोश और भाजपा को मिल रहा अपार स्नेह-आशीर्वाद निकाय चुनाव में पार्टी की विजय का स्पष्ट संकेत है।भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में हैं और जनता के आशीर्वाद से भाजपा बड़े बहुमत के साथ निकायों में सरकार बनाने जा रही है।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

Poola Jada

Top Headlines

जोधपुर में कांग्रेस ने 15 बागी-पदाधिकारियों को पार्टी से निकाला:शहर के 19 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस में मुकाबला; आज पहुंचेंगे पर्यवेक्षक

जोधपुर नगर निगम का चुनावी दौर में है। यहां के 19 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर