जयपुर में तीन नाबालिग दोस्तों के घर छोड़कर भागने का मामला सामने आया है। एक दोस्त की बाइक पर तीनों बैठकर घर से निकले थे। पिछले काफी दिनों से बाहर घूमने जाने की परिवार से जिद कर रहे थे। हरमाड़ा थाना पुलिस पिछले तीन दिन से लापता नाबालिग दोस्तों की तलाश में जुटी है।
SHO (हरमाड़ा) दिलीप कुमार खदाव ने बताया- हरमाड़ा के बजरंग विहार-3 में रहने वाले लापता तीन नाबालिग की तलाश की जा रही है। एक ही कॉलोनी में रहने के कारण तीनों नाबालिग दोस्त है। 13 सितम्बर की शाम करीब 6:45 बजे युवराज घर से बाइक लेकर निकला था। दोनों नाबालिग दोस्त भी अपने-अपने घर से बिना बताए निकल गए। परिजनों ने अपने बच्चों को ढूंढना शुरू किया तो तीनों नाबालिग दोस्तों के लापता होने का पता चला।
घर छोड़कर निकले तीनों नाबालिग दोस्तों की हरमाड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। हरमाड़ा थाना पुलिस ने तुरंत ही नाबालिग दोस्तों की तलाश में अलग-अलग टीमें बनाकर तलाश शुरू की। सीकर रोड स्थित एक CCTV फुटेज में तीनों नाबालिग दोस्त बाइक बैठकर जाते दिखाई दे रहे हैं। पूछताछ में सामने आया है कि पिछले काफी दिनों से तीनों नाबालिग अपने परिजनों से बाहर घूमने जाने की जिद कर रहे थे। पुलिस टीमें तीनों नाबालिग दोस्तों की तलाश में लगी है।






