सीने में दर्द की शिकायत के बाद हॉस्पिटल में भर्ती हुए राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी (77) की आज जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (एसएमएस) में एंजियोग्राफी की गई। देवनानी की एंजियोग्राफी रिपोर्ट नॉर्मल आई। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिसिंपल और सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि उनकी आर्टरी में 40 से 45 परसेंट का ब्लॉकेज है। यह बहुत कम मात्रा में है। लिहाजा इसमें किसी तरह की समस्या नहीं आती है। फिर भी हमने भविष्य को देखते हुए उनको कुछ दवाइयां सजेस्ट की हैं। ताकि वह स्वस्थ रहें।
हेल्थ मिनिस्टर पहुंचे एसएमएस
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हेल्थ मिनिस्टर गजेन्द्र सिंह खींवसर एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचे। यहां वे आईसीयू में गए। देवनानी से मुलाकात कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। करीब 15-20 मिनट की मुलाकात के बाद मंत्री ने देवनानी की हेल्थ को लेकर डॉक्टरों से भी चर्चा की।

पटना में सम्मेलन के दौरान तबीयत बिगड़ी थी
बता दें कि देवनानी कल पटना में विधानसभा अध्यक्षों के 2 दिवसीय सम्मेलन (अखिल भारतीय पीठासीन सम्मेलन) में भाग लेने के लिए गए थे। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सम्मेलन का उद्घाटन किया था। सम्मेलन के दौरान अचानक देवनानी की तबीयत बिगड़ी थी।
सीने में दर्द की शिकायत के बाद देवनानी को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी ले जाया गया था। यहां उनकी हार्ट से जुड़ी ईसीजी, 2-डी इको समेत अन्य जांचें की गईं थीं। एंजियोग्राफी भी होनी थी, लेकिन उन्होंने पिछले साल ही एंजियोग्राफी करवाई थी, इसलिए एंजियोग्राफी से मना कर दिया था।
विशेष विमान भेजा था सरकार ने
देवनानी की तबीयत खराब होने की सूचना के बाद राज्य सरकार ने विशेष चार्टर विमान पटना भेजा था, जिसमें डॉ. दीपक माहेश्वरी के साथ एक अन्य डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ के साथ देवनानी के परिजन थे। ये सभी पटना मेडिकल कॉलेज से देवनानी को लेकर देर शाम कल जयपुर पहुंचे थे। जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर देवनानी को सीधे एसएमएस हॉस्पिटल लाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया गया।






