जयपुर में मिसेज राजस्थान-2025 ब्यूटी पेजेंट आयोजित किया जा रहा है। इस इवेंट में अलग-अलग बैकग्राउंड वाली कंटेस्टेंट हैं। इनमें महिला किसान, हाउसवाइफ भी हैं।
राजस्थान के अलग-अलग शहरों से आईं इन मॉडल्स की जर्नी भी पेजेंट में आए लोगों को काफी इंस्पायर कर रही है। किसी ने अपनी बीमारी की वजह से लोगों के ताने सहे तो कोई ऐसी फील्ड से हैं जिसे केवल पुरुषों के लिए ही माना जाता रहा है।
मिसेज राजस्थान में बुधवार को फोटोजेनिक राउंड हुआ। इसमें टॉप फाइनलिस्ट मॉडल ने रैंप वॉक भी की। इस राउंड में मॉडल्स ने वेस्टर्न थीम पर डिजाइन गाउन पहने थे
सबसे पहले पढ़िए- वो स्टोरी जिन्होंने सभी को चौंकाया
इस इवेंट की 18 फाइनलिस्ट एक हैं जयपुर के रेनवाल की रहने वालीं ललिता। गांव के परिवेश से निकलकर वह रैंप पर उतरीं हैं। किसी फैशन इवेंट का कोई एक्सपीरियंस नहीं होने के बाद भी उनका कॉन्फिडेंस सातवें आसमान पर नजर आया।
उनके डेली रुटीन में खेती-बाड़ी और ट्रैक्टर चलाना है, लेकिन फैशन की दुनिया उन्हें हमेशा से अट्रैक्ट करती रही है। उन्होंने बताया कि गांव में काफी बंदिशें महिलाओं के लिए होती हैं, लेकिन परिवार के सपोर्ट से वो यहां तक पहुंची हैं।
वे चाहती हैं कि गांवों में रहने वाली महिलाएं उनकी तरह अपने सपनों का पूरा करें। ललिता के पति राम कुमार चौधरी उद्योग भवन में स्टेनोग्राफर के पद पर पोस्टेड है। ललिता ने बताया कि उनकी शादी साल 2016 में हुई थी।

लकवा भी नहीं छीन पाया हौसला-हिम्मत
अब बात करते है कोटा की रहने वाली श्रुति की। मिसेज राजस्थान का पोडियम उनका ड्रीम मंच है। जब वे यहां रैंप पर उतरीं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। क्योंकि उन्होंने अपने फीचर व बीमारी को लेकर लोगों के काफी ताने सहे हैं। उनकी ये सक्सेस शायद अब लोगों को जवाब देगी कि-कॉन्फिडेंस हो तो सबकुछ संभव है।
दरअसल, श्रुति को बचपन से फाइबर डिस्फेजिया डिजीज है। इसमें हड्डी बढ़ती जाती है। उन्होंने बताया कि पहले मेरे चेहरे पर इसका असर नहीं था, लेकिन 2021 में मेरी हड्डी में दर्द होने लगा। डॉक्टर को दिखाया तो सर्जरी की सलाह दी। सर्जरी के बाद मेरी फेशियल नस डैमेज हो गई। इसके बाद मेरी आंख और चेहरे पर लकवा हो गया। श्रुति ने बताया कि लोग मजाक उड़ाते थे। इसलिए वो अपना चेहरा छुपाकर रखती थीं। लेकिन अब उन्हें किसी की परवाह नहीं है।

झुंझुनूं की अनिता नर्स, अब मॉडलिंग वर्ल्ड में
अनीता पायल ने बताया कि वह झुंझुनूं जिले के एक गांव से है। वह प्रोफेशनली एक नर्सिंग कर्मचारी है। अनीता ने बताया- मेरा सपना मेडिकल फील्ड में जाना और मॉडलिंग करना था। नर्स बनने का सपना तो मैं पूरा कर चुकी हूं।
अब मॉडलिंग का सपना इस पेजेंट के जरिए पूरा करने जा रही हूं। मैं बड़े प्लेटफार्म पर मॉडलिंग के जरिए राजस्थान और इंडिया का नाम रोशन करना चाहती हूं।

23 मई को जयपुर में होगा ग्रैंड फिनाले
मिस राजस्थान की आयोजक निमिषा मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 23 मई को बिरला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित होगा।
इसमें फैशन जगत की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। इस दौरान प्रसिद्ध डिजाइनर माधुरी चेतवानी (ड्रेसजिला) का विशेष कलेक्शन भी शोकेस किया जाएगा।






