खाटूश्याम जी मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक दुकानदार ने दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को इसलिए पीट दिया क्योंकि बारिश से बचने के लिए वे उसकी दुकान में चले गए थे।
मामला शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे का है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें साफ नजर आ रहा है कि दुकानदार श्रद्धालुओं पर लाठी-डंडे बरसा रहे है और मारपीट कर रहे है।
एमपी से आए श्रद्धालुओं का कहना है कि इस कहासुनी में दुकानदारों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की। यहां तक की उनके मंगलसूत्र और सोने की चेन तक तोड़ दी।
तस्वीरों में देखें…कैसे श्रद्धालुओं के साथ हुई मारपीट…
खाटूश्याम जी के बीच बाजार में दुकानदारों और श्रद्धालुओं में मारपीट हुई।
इस दौरान दुकानदारों ने श्रद्धालुओं के परिवार के लोगों को डंडों से पीटा।
बीच बचाव के दौरान महिला श्रद्धालु ने भी डंडे से दुकानदार की पिटाई की।
दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हुई है। इसमें नजर आ रहा है कि महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
श्रद्धालुओं के परिवार को दुकानदारों ने बुरी तरह से पीटा।
बारिश से बचने के लिए दुकान में घुसे थे, धक्का-मुक्की भी की
खाटूश्यामजी एसएचओ पवन चौबे ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे मध्यप्रदेश से कुछ श्रद्धालु दर्शन करने के लिए खाटूश्यामजी आए हुए थे। खाटू में बारिश हो रही थी। श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए श्याम कुंड जाने वाले रास्ते पर एक दुकान में रुक गए।
इस पर दुकानदार ने इन्हें बार जाने को कहा लेकिन बारिश के चलते उन्होंने वहीं पर रुकने की गुहार लगाई। इसी बात को लेकर दुकानदार ने धक्का-मुक्की कर मारपीट शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि दुकानदारों ने लाठी और डंडों से पिटाई करना शुरू कर दिया।
ये एमपी से आए श्रद्धालु है, जिनके साथ मारपीट की गई थी।
श्रद्धालु बोला- दुकानदार चिल्लाने लगा, महिलाओं को डंडे मारे और मारपीट की
मध्यप्रदेश के रहने वाले निखिल यादव ने बताया- हम अपने परिवार के साथ बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए मंदिर की तरफ जा रहे थे। खाटू में तेज बारिश हो रही थी। बारिश से बचने के लिए हम श्याम कुंड के पास दूसरे नंबर की दुकान में रुक गए।
इतने में दुकानदार चिल्लाने लगे कि आगे चले जाओ। इसके बाद उन्होंने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करना शुरू कर दी। दुकानदारों ने महिलाओं को डंडे मारे और उनके साथ भी मारपीट की। दुकानदारों ने महिलाओं के मंगलसूत्र और सोने की चैन भी तोड़ दी।
मारपीट के दौरान पीठ पर निशान तक छप गए।
घटना का सीसीटीवी आया सामने, चार लोगों को किया गिरफ्तार
इस पूरी घटना का वीडियो और सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें साफ नजर आ रहा है कि दुकानदारों ने श्रद्धालुओं के साथ जमकर मारपीट की है। दुकानदारों का कहना था कि कि श्रद्धालुओं ने दुकान में बिना अनुमति घुसकर हंगामा किया। इस घटना से भक्तों में आक्रोश फैल रहा है।
वहीं एसएचओ ने बताया कि इस मामले में चार दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। वहीं अभी श्रद्धालुओं की ओर से दुकानदारों के खिलाफ कोई रिपोर्ट नहीं दी है। ऐसे में जब रिपोर्ट मिल जाएगी तो कार्रवाई की जाएगी। हालांकि चारों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।





