भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हिस्ट्रीशीटर ने मंदिर में बर्थडे पार्टी का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अधिकतर लोग बिना नंबर की कारों और बाइकों से पहुंचे। पुलिस को मामले का पता चला तो टीम मौके पर पहुंच गई। वहां से डंडे फटकार कर लोगों को भगाया। बिना नंबर की 11 कारें और 10 बाइकें जब्त की गई।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया- मांडल थाने के हिस्ट्रीशीटर गोपाल गुर्जर ने आयोजन किया था। शाम को पुलिस को इसकी सूचना मिली कि गोपाल गुर्जर पुत्र कानाराम इलाके के एक देवस्थान पर असामाजिक तत्वों को इकट्ठा कर रहा है। इससे कानून व्यवस्था को प्रभावित किया जा सकता है।
भीड़ जुटने की सूचना पर डीएसपी सदस्य श्याम सुंदर विश्नोई और डीएसपी मांडल मेघा गोयल, थाना प्रभारी पुष्पा कसौटिया जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बिना परमिशन के आयोजन करने वालों और वहां पहुंचे लोगों पर एक्शन लिया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हल्के बल प्रयोग से भीड़ को तितर-बितर किया और मौके से बिना नंबरी, बिना पैटर्न की नंबर प्लेट लगी और काली फिल्म चढ़ी करीब 11 फोर व्हीलर और 10 टू व्हीलर को जब्त किया। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट में कार्रवाई की गई है
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि भीलवाड़ा में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।





