जयपुर में ट्रायल के बहाने गाड़ियां चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को एयरपोर्ट थाना पुलिस ने अरेस्ट किया है। चोरी किए मोबाइल से वाहन ऑनर से कॉन्टैक्ट कर मिलता था। चुराई गाड़ी को सस्ते दामों में कबाड़ी को बेचकर मिलने रुपयों से अपने शौक पूरा करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चुराई वैगनआर कार बरामद की है।
एडि. डीसीपी (ईस्ट) आशाराम चौधरी ने बताया- चोरी के मामले में आरोपी बलवीर सिंह मीना (27) निवासी गांव काचरोदा कुडगांव करौली को अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 जुलाई को सिद्धार्थ नगर से चुराई वैगनआर कार को बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी के सांगानेर, प्रताप नगर, मुहाना और एयरपोर्ट इलाके में आधा दर्जन वाहन चोरी की वारदात करना कबूल किया है। करीब 3 साल पहले इसी तरह गुजरात में वारदात करने पर अरेस्ट भी हो चुका है।
150 KM पीछा कर पकड़ा
एयरपोर्ट थाने में सिद्धार्थ नगर निवासी व्यक्ति ने कार चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत में बताया- उन्होंने अपनी वैगनआर कार बेचने के लिए OLX ऐप पर विज्ञापन डाला था। कार खरीदने के बहाने एक युवक उनके घर आया था। ट्रायल के बहाने चाबी लेकर कार चुराकर ले गया। पुलिस ने CCTV फुटेजों के आधार पर कार चोर का पीछा किया। फुटेज के आधार पर करीब 150 KM पीछा कर संदिग्ध चोर को धर-दबोचा। कार चोरी करना स्वीकार करने पर आरोपी बलवीर को अरेस्ट किया गया। उसके कब्जे से चुराई गई कार भी बरामद की गई।
शौक पूरा करने के लिए वारदात पूछताछ में आरोपी बलवीर से सामने आया है कि OLX ऐप पर पुरानी गाड़ियों का विज्ञापन देकर वह ऑनर से कॉन्टैक्ट करता था। गाड़ी के डॉक्युमेंट अपने वॉट्सऐप नंबर पर मंगवा लेता था। शराब ठेके या चौखटी पर जाकर शराबी व्यक्तियों का मोबाइल चुराता। चुराए मोबाइल से वाहन ऑनर को कॉल कर वाहन खरीदने के लिए दिखाने के बहाने अनजान जगह पर बुलाता। गाड़ी की ट्रायल के नाम पर चाबी लेकर फरार हो जाता। वारदात के बाद चोरी किए मोबाइल को सुनसान जगह फेंक देता था। करीब 3-4 दिन बाद कबाड़ी के ऑनलाइन नंबर लेकर सस्ते दामों में बेचकर कैश रुपए लेकर अपने शौक पूरा करता।






