उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की सुरक्षा में तैनात दो जवानों का मंगलवार सुबह एमआई रोड पर ड्यूटी पर आने के दौरान एक्सीडेंट हो गया। इन दोनों ही जवानों को दुर्घटना के बाद जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां एक ने उपचार के बाद दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे जवान का इलाज हॉस्पिटल में जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर उपमुख्यमंत्री बैरवा भी हॉस्पिटल पहुंचे। जवानों की मेडिकल रिपोर्ट की जानकारी लेकर डॉक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भरतपुर में कार्यक्रम प्रस्तावित था
जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री का आज भरतपुर में कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसी ड्यूटी में जाने के लिए दोनों जवान रामवतार और मनोज मीणा बाइक पर आ रहे थे। गवर्नमेंट चौराहे पर 8 बजे एक्सीडेंट हो गया, जिसमें दोनों घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से ट्रॉमा सेंटर लाकर भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज किया गया।
हार्ट की मैन आर्टरी डेमेज हो गई थी
ट्रोमा सेंटर के इंचार्ज और हड्डी रोग डिपार्टमेंट के सीनियर प्रोफेसर डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया- जवान रामावतार जब हॉस्पिटल आया था, तब उसकी हालात बेहद नाजुक थी, जिसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। सीटी स्कैन और अन्य जांच करवाने पर पता चला एक्सीडेंट के कारण उसकी हार्ट की मैन आर्टरी जो ब्लड सप्लाई करती है वह डेमेज हो गई। हमारी टीम ने तमाम प्रयास किए, लेकिन उसे बचा नहीं सके। जबकि दूसरे जवान की हालत सामान्य है। इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना के बाद उपमुख्यमंत्री भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और यहां उन्होंने दोनों ही जवानों की मेडिकल स्थिति की जानकारी ली। डॉक्टरों को अच्छा से अच्छा इलाज करने और किसी तरह की परेशानी नहीं आने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम को भरतपुर विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में प्रस्तावित महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को भरतपुर जाना था।






