राजसमंद में रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली में 32 श्रद्धालु सवार थे। चारभुजा थाना क्षेत्र के मोराणा गांव में ट्रैक्टर के बेकाबू होने से हादसा हो गया।
महिला श्रद्धालु की मौत, 4 अन्य घायल
चारभुजा थाना इंचार्ज प्रीति रत्नू ने बताया कि मध्यप्रदेश के सिवान गांव से रामदेवरा जाने के लिए सोमवार को श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली रवाना हुए। आज राजसमंद के चारभुजा थाना क्षेत्र के मोराणा गांव में बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि ट्रैक्टर सवार 4 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घायल श्रद्धालुओं को चारभुजा के सरकारी होस्पिटल पहुंचाया गया जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। सभी को हल्की चोटें आई हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में 32 श्रद्धालु सवार थे
हादसे में मृतक महिला की पहचान सौरभ (60) पत्नी मांगीलाल निवासी सिवान गांव (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। ट्रैक्टर में कुल 32 श्रद्धालु सवार थे। सूचना मिलने पर चारभुजा पुलिस मय जाब्ते के मौके पर पहुंचीं और मौका मुआयना किया। पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्र के देसूरी की नाल में इन दिनों रामदेवरा जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वाहन चालकों व यात्रियों को सुरक्षित यात्रा की सलाह दी जा रही है।





