जयपुर में प्रेमिका से शादी के लिए पत्नी को तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पति ने तेजाब डालकर जलाने की धमकी देकर जबरन स्टाम्प पेपर पर साइन करवाए। पिता के सामने तीन तलाक देने के बाद बोला- मैं तलाक देकर आजाद हूं। अशोक नगर थाने में पीड़ित विवाहिता ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ मुस्लिम महिला अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया है।
पति और ससुराल वालों पर परेशान करने का आरोप
पुलिस ने बताया- आदर्श नगर की रहने वाली 30 साल की विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जुलाई-2021 में उसका निकाह अशोक नगर स्थित सी-स्कीम निवासी से हुआ था। आरोप है कि शादी के 6 महीने बाद पति ने उसे अपने प्रेम-प्रसंग के बारे में बताया।
प्रेमिका से शादी करने की इच्छा के बाद भी घरवालों के जबरन शादी करवाना बताया। पति के अफेयर के बारे में पता चलने पर वह सदमे में आ गई। इसके साथ ही ससुरालवाले उसे टॉर्चर कर पिता से दुकान दिलाने का दबाव बनाने लगे।
3 बार तलाक बोलकर छोड़ा
फरवरी-2023 में परेशान होकर घरवालों को पति के अफेयर के बारे में बताया। घरवालों ने उसके ससुराल आकर विरोध किया। ससुरालवालों ने गलती मानकर लिखित में आगे ऐसा नहीं होने का आश्वासन दिया गया। 10 दिन बाद पति ने दोबारा उसको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मारपीट कर तलाक लेकर जाने का दबाव बनाने लगा।
6 जुलाई की शाम तेजाब से जलाने की धमकी देकर तलाक के लिए स्टाम्प पेपर पर जबरन साइन करवा लिए। पता चलने पर पिता के ससुराल आने पर पति ने कहा- तुम्हारी बेटी को ले जाओ, मैंने तलाक दे दिया है। पिता के सामने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर छोड़ दिया। बोला- मैं तलाक देता हूं, मैं आजाद हूं। अशोक नगर थाने में पीड़ित विवाहिता ने FIR दर्ज करवाई।






