ग्रामीण आजीविका विकास परिषद् (राजीविका) द्वारा आयोजित सुमंगल दीपावली मेला – 2025 में मंगवार को स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मेले का भ्रमण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं द्वारा बनाए गए विविध उत्पादों को बारीकी से देखा और उनके कार्य की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की तथा कहा कि इन उत्पादों में ग्रामीण परंपरा, गुणवत्ता और नवाचार का उत्कृष्ट मेल दिखाई देता है। मंत्री दिलावर ने राजीविका के फूड कोर्ट का भी भ्रमण किया और पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद चखा।

उन्होंने कहा कि मेले में प्रस्तुत खाद्य सामग्री न केवल स्वाद में विशिष्ट है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के पाक कौशल और उद्यमिता का सशक्त उदाहरण भी है।
मेले में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने भी शिरकत की। उन्होंने मेले के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मेला ग्रामीण महिलाओं को विपणन मंच प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आगंतुक पहुँच रहे हैं और ग्रामीण उत्पादों के प्रति उत्साह व विश्वास का वातावरण देखने को मिल रहा है। राजीविका द्वारा आयोजित यह मेला 01 से 12 अक्टूबर 2025 तक इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, जयपुर में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प और प्रामाणिक व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।






