झालावाड़ पुलिस ने लंबित अपराधों और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बकानी पुलिस थाना क्षेत्र में 14 साल पुराने एक वाहन लूट के मामले में वांछित चल रहे ₹10,000 के इनामी बदमाश और जिला स्तरीय टॉप टेन शातिर चोरों की सूची में शामिल अपराधी को उसके साथी सहित गिरफ्तार किया गया है।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि यह मामला 16 मार्च 2011 को बकानी थाने में दर्ज हुआ था। फरियादी अतुल कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी बाइक लेकर जा रहे थे। गुरु मंडी के ऊपर पहाड़ी पर लाल रंग की मोटरसाइकिल के पास बैठे दो व्यक्तियों ने उन्हें रोका। उनमें से एक छोटे कद के व्यक्ति ने छाती पर कट्टा लगाया और बाइक की चाबी छीन ली। दूसरे व्यक्ति ने मोबाइल और पर्स में रखे ₹500 भी छीन लिए।
एसपी कुमार के निर्देशानुसार पुराने मुकदमों के वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु एक विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा के निर्देशन, वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन और एसएचओ रामेश्वर प्रसाद मीना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने अथक प्रयास के बाद दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस ने मामले में 10 हजार के इनामी और जिला स्तरीय टॉप टेन में शामिल अभियुक्त भगवान सिंह पुत्र अर्जुनसिंह निवासी बम्बोरी कलां थाना रावतभाटा, चित्तौड़गढ़ और बृजराज सिंह पुत्र बहादुर सिंह घुरासिया थाना कानड़ आगर मालवा मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
इन अभियुक्तों का पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड है, जिसमें थाना रावतभाटा और कानड़ (एमपी) में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा इस पुरानी लूट के मामले को सफलतापूर्वक रिओपन कर सुलझा लिया गया है।






