अजमेर-जयपुर रोड पर गिदानी, सावरदा पुलिया के निकट 7 अक्टूबर की रात को हुई भीषण सड़क दुर्घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए जिला प्रशासन जयपुर द्वारा एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी द्वारा गठित इस समिति का उद्देश्य दुर्घटना के कारणों का गहन विश्लेषण कर भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस सुझाव प्रदान करना है। साथ ही समिति को रासायनिक पदार्थ, गैस, डीजल, पेट्रोल आदि के सुरक्षित परिवहन एवं उनसे होने वाली संभावित आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के उपाय सुझाने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, शहर-दक्षिण, जयपुर की अध्यक्षता में गठित इस जांच समिति में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जयपुर प्रथम को सदस्य सचिव तो वहीं, उपखण्ड अधिकारी मौजमाबाद, पुलिस उप अधीक्षक, दूदू, जयपुर ग्रामीण, परियोजना निदेशक, एन.एच.ए.आई., जयपुर एवं उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा, कलक्ट्रेट जयपुर को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने समिति को दुर्घटना स्थल का मौका निरीक्षण कर संबंधित अभिकरणों से आवश्यक तथ्य एकत्रित करते हुए विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर युगांतर शर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क सुरक्षा, वाहनों की तकनीकी स्थिति, चालक प्रशिक्षण एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को सुदृढ़ करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






