भोपालगढ़ की आदर्श कॉलोनी में मंगलवार रात एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला का खून से लथपथ शव रसोई में चारपाई पर पड़ा था, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। रसोई का दरवाजा बाहर से बंद था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतका कमला देवी के पति भंवरलाल सेवग का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था, वह घर में अकेली रहती थीं। कमला देवी की तीन बेटियां हैं और वह अक्सर उनके पास रहती थीं, लेकिन दो दिन पहले ही भोपालगढ़ लौटी थीं। पड़ोसियों के अनुसार, वह शांतिप्रिय स्वभाव की थीं।
मंगलवार सुबह से घर में कोई हलचल न दिखने पर शाम को उनकी एक बेटी ने फोन किया। पड़ोस की महिलाओं ने खिड़की से झांककर देखा तो रसोई में चारपाई पर चादर ओढ़े शव पड़ा था। नीचे खून के छींटे और शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट दिख रहे थे। रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी सीआई मांगीलाल बिश्नोई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गहरा घाव और शरीर पर हल्की खरोंचें मिली हैं। उन्होंने कहा, “शव को चादर से ढका होना और दरवाजा बाहर से बंद होना हत्या की ओर इशारा कर रहा है।”
डीएसपी भूराराम खिलेरी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और एसपी नारायण टोगस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और डीएसटी टीमें बुधवार सुबह साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर पहुंचेंगी।
पुलिस मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है और कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि कोई सुराग मिल सके।






