Home » राजस्थान » सीकर में ठंडी हवा से ठिठुरन बढ़ी:बादल छाने से न्यूनतम टेंपरेचर बढ़ा, अधिकतम तापमान घटा

सीकर में ठंडी हवा से ठिठुरन बढ़ी:बादल छाने से न्यूनतम टेंपरेचर बढ़ा, अधिकतम तापमान घटा

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी‌ में आए चक्रवात का असर राजस्थान में भी है। सीकर में रविवार रात से ही बादल छाए हुए हैं। बरसाती हवा के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। सर्दी बढ़ने से आम जनजीवन भी काफी प्रभावित है। सोमवार को दिनभर धूप कमजोर रही। हालांकि बादल छाने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन अधिकतम तापमान में कमी आई है। अगले 3 दिन मौसम स्थिर रहने की संभावना है। शनिवार से अधिकतम तापमान में जल्द ही 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

4 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान

सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले यहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया था। बादलों के कारण आज सीकर के न्यूनतम तापमान में आज 4 डिग्री की‌ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को सीकर में अक्टूबर महीने में अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज‌ किया गया।

मौसम एक्सपर्ट्स का मानना है कि शेखावाटी एरिया में लगातार चक्रवाती हवा सक्रिय रहने की वजह से तापमान में गिरावट रहने के साथ दिन में भी हल्की सर्दी का दौर जारी रहेगा। हालांकि शनिवार को इन चक्रवाती हवा का प्रभाव कम होगा जिससे थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

48 घंटे तक तापमान में नहीं होगा बदलाव

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार सीकर में सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। अगले 48 घंटे के दौरान तो तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी होना शुरू हो जाएगी। सीकर में अगले 3 दिन बादल छाए रहने और सर्द हवाओं के बरकरार रहने की संभावना है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS