राज्य सरकार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 4 से 18 नवम्बर तक प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, साथ ही उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस विभाग ने बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 17424 लोगों के खिलाफ की कार्रवाई
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर राज्य में लगातार सख्त कार्रवाई हो रही है। सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत पुलिस विभाग ने 4 से 13 नवंबर तक शराब पीकर वाहन चलाने पर 6935 , तेज गति से वाहन चलाने पर 46 हजार 924, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 33 हजार 634, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 2955, बिना रिफ्लेक्टर वाहन चलाने पर 9572 तथा बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 17 हजार 424 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान 4 लाख 45 हजार 64 नागरिकों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया है।
प्रदेश के विभिन्न राजमार्गों पर एनएच-48 मॉडल के अनुरूप लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू करने के लिए पुलिस जाप्तों से प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही, लेन ड्राइविंग सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीमें तैनात रहीं और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने किए 18000 से अधिक वाहनों के चालान, 91 वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने राज्य में नियमों का उल्लंघन करने पर अब तक (13 नवंबर तक) कुल 18059 वाहनों के चालान किए हैं। इसमें मालवाहक वाहनों पर ओवरलोडिंग के 1111, इन वाहनों में यात्री पाए जाने पर 381 तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 12140 मालवाहक वाहनों के चालान किए गए। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री पाए जाने पर 194, छत पर सामान रख संचालन करने पर 44 बसों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 2310 यात्री वाहनों का चालान किया गया है। परिवहन विभाग ने 412 व्यक्तियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त तथा 91 वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द किए हैं। इस दौरान 949 वाहनों को सीज किया गया है तथा 42 वाहनों के परमिट भी कैंसिल किए गए हैं। साथ ही, विभाग द्वारा अन्य प्रकरणों में भी चालान किए गए हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के तहत 14 नवंबर को राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चलने वाले 2520 व्यावसायिक वाहन (ट्रक व बस) चालकों की नेत्र जांच कर 260 जरूरतमंद चालकों को चश्मे वितरित किए। विभाग द्वारा अब तक 13463 चालकों की नेत्र जांच कर 1830 चश्मे वितरित किए जा चुके हैं।
संबंधित विभागों की समन्वित कार्यवाही
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभागों तथा जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न जिलों में सड़क किनारे झाड़ियाँ हटाने, स्पीड ब्रेकर सही करने, चेतावनी, संकेतक एवं साइन बोर्ड लगाने, अनाधिकृत कट बंद करने आदि कार्य किए गए। नगरीय विकास एवं स्थानीय निकाय विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने, रोड लाइट्स दुरुस्त करने, निराश्रित पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने सहित विभिन्न कार्य किए गए।






