अजमेर मंडल के अंतर्गत 15 स्टेशनों पर अमृत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं। चित्तौड़गढ़-उदयपुर खंड पर स्थित मावली जंक्शन स्टेशन पर भी व्यापक विकास कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों पर लगभग 21 करोड़ रुपए की लागत आएगी और इन्हें इस साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राजस्थानी थीम पर आकर्षक पेंट वर्क
मावली स्टेशन पर 1428 वर्ग मीटर क्षेत्र में लगभग 14 करोड़ रुपए की लागत से एक नई स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। इस बिल्डिंग का ग्राउंड फ्लोर का काम पूरा हो चुका है, जिसमें पंखे और ट्यूबलाइट जैसी लाइटिंग का कार्य भी शामिल है। यह बिल्डिंग धौलपुर के पत्थरों से निर्मित हो रही है और इसमें राजस्थानी थीम पर आकर्षक पेंट वर्क किया गया है।
श्रीनाथ जी और हल्दीघाटी के युद्ध का सुंदर चित्रण
बिल्डिंग में श्रीनाथ जी और हल्दीघाटी के युद्ध का सुंदर चित्रण किया गया है, जो मेवाड़ के शौर्य को दर्शाता है और सभी का ध्यान आकर्षित करेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में स्टील बेंच लगाई गई हैं। आधुनिक शौचालय का कार्य भी पूर्ण हो गया है, जिसमें महिला एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय शामिल हैं। बुकिंग और पूछताछ कार्यालय में भी काम शुरू हो चुका है।
स्टेशन बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर भी पंखे और लाइटिंग का काम पूरा कर लिया गया है, और इसका अधिकांश कार्य संपन्न हो चुका है। मुख्य स्टेशन बिल्डिंग, प्लेटफॉर्म शेल्टर और बुकिंग काउंटर का कार्य भी पूर्ण हो गया है। हालांकि, सर्कुलेटिंग एरिया का कार्य अभी जारी है।
ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेज
अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य चल रहा है और सर्कुलेटिंग एरिया के अंतर्गत मुख्य प्रवेश द्वार के सामने का कार्य शेष है। प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसका लोहे का ढांचा तैयार हो चुका है। दूसरी एंट्री की तरफ बुकिंग कार्यालय और वेटिंग हॉल का कार्य पूर्ण हो गया है। लगभग 9 हजार वर्ग मीटर सर्कुलेटिंग एरिया और 1315 वर्ग मीटर पार्किंग एरिया का कार्य भी जारी है।






