Home » राजस्थान » इको वैन में गैस लीकेज से लगी थी आग:तांबे के कड़े से हुई पहचान, धुएं और आग के बीच फंस गया था युवक

इको वैन में गैस लीकेज से लगी थी आग:तांबे के कड़े से हुई पहचान, धुएं और आग के बीच फंस गया था युवक

चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को हुए हादसे का कारण इको वैन में गैस लीकेज होना बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि वेन में गैस का रिसाव हुआ था, जो बाद में आग की लपटों में बदल गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई और उसमें बैठे सिंहपुर निवासी 30 साल के अंबालाल आचार्य की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।

फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक सब जल चुका था

रविवार रात करीब 8 बजे सहकारी समिति के सामने वैन में आग लगी। ग्रामीणों ने जब गाड़ी को धू-धू कर जलते देखा तो तुरंत दौड़े। वैन आग की हालत में सर्विस रोड पर आकर रुक गई। लोग पास जाकर भीतर बैठे व्यक्ति को बचाने की कोशिश करने लगे, पर गाड़ी के अंदर धुआं इतना फैल चुका था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। गाड़ी के गेट भी नहीं खुल रहे थे, तो ग्रामीणों ने पत्थरों से शीशे तोड़ने का प्रयास किया। तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ और आग और बढ़ गई, जिससे सभी लोग पीछे हट गए। सूचना मिलते ही भादसोड़ा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह गुर्जर टीम सहित पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया, लेकिन तब तक गाड़ी और अंदर बैठा व्यक्ति पूरी तरह जल चुका था। आग बुझाने के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। FSL टीम उदयपुर और MOB टीम चित्तौड़गढ़ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्राथमिक जांच में FSL ने इस आग का कारण गैस रिसाव बताया।

पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया

हादसे के बाद जली हुई बॉडी को चित्तौड़गढ़ जिला हॉस्पिटल भेजा गया। सोमवार सुबह मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम पूरा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मौके पर नायब तहसीलदार शिव शंकर पारीक और डिप्टी विनोद लखेरा भी मौजूद थे। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर बिंदु की जांच शुरू कर दी है।

गैस लीकेज के कारण लगी थी आग।
गैस लीकेज के कारण लगी थी आग।

तांबे के कड़े से हुई पहचान, परिवार में मचा कोहराम

पहचान की प्रक्रिया भी चुनौतीपूर्ण रही। गाड़ी सिंहपुर के अंबालाल या उनके भाई शोभालाल के नाम खरीदी गई थी, इसलिए यह स्पष्ट नहीं था कि दुर्घटना के समय गाड़ी कौन चला रहा था। पुलिस ने जब शोभालाल से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि यदि अंदर उनका भाई अंबालाल होगा, तो उसके हाथ में उनके जैसा तांबे का कड़ा होगा। जांच में जब जली हुई बॉडी के हाथ में तांबे का कड़ा मिला, तो यह पुष्टि हो गई कि मृतक अंबालाल ही हैं और गाड़ी में कोई अन्य व्यक्ति नहीं था।

एसपी पहुंचे स्थल पर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी भी घटनास्थल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने थाना अधिकारी महेंद्र सिंह गुर्जर को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए। इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अंबालाल अपने पीछे 26 वर्षीय पत्नी माया, 10 साल की बेटी वेदिका और 6 साल के बेटे जेतिक को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

जल संसाधन मंत्री ने हनुमानगढ़ में जल संरचनाओं के प्रगतिरत कार्यों का किया निरीक्षण—

जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत गुरुवार को हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर दौरे पर रहे। उन्होंने हनुमानगढ़ जिले के नहरी