सीकर शहर में बीती शाम ड्यूटी से लौटते वक्त एक प्राइवेट टीचर की OLA स्कूटी में आग लग गई। देखते ही देखते आग काफी ज्यादा तेज हुई जिसकी वजह से पूरी स्कूटी करीब 20 मिनट में जल गई। हालांकि गनीमत रही कि समय रहते ही टीचर अपनी स्कूटी से नीचे उतर गए।
सीकर की CLC कोचिंग में टीचिंग करने वाले टीचर मनीष कुमार जांगिड़ ने बताया कि रोजाना की तरह शाम को वह 5:30 से 6 बजे के बीच ड्यूटी से लौट रहे थे। वह सीकर में महादेव सिंह खंडेला फार्म हाउस के पास स्थित अपने मकान पर जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में उदयलाल की ढाणी के नजदीक जब वह अपनी स्कूटी चला रहे थे तो पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने कहा कि उनकी स्कूटी में से धुआं निकल रहा है। इस पर मनीष ने अपनी स्कूटी को सड़क किनारे खड़ा कर दिया।
इसके बाद मनीष की स्कूटी में आग लगना शुरू हुई। देखते ही देखते आग पूरी स्कूटी में फैल चुकी थी। आग लगने की वजह से पूरी स्कूटी जल गई। हालांकि आसपास के लोगों ने 20 मिनट बाद इस आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

मनीष ने बताया कि जब उनकी स्कूटी में आग लगी थी तो आग की लपटें करीब 10 फीट तक ऊपर आ रही थी। जहां आग लगी उसके ऊपर बिजली की लाइन भी थी। आसपास के लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। वरना कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।






