जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में गुरुवार को विकास आयुक्त आनंदी की अध्यक्षता में ट्रेफिक कंट्रोल बोर्ड (TCB) की बैठक हुई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। इनमें जब्त वाहनों की अस्थाई पार्किंग, ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड, अवैध कट बंद करने, ब्लैक स्पॉट दुरुस्तीकरण और बस चालकों के प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण फैसले शामिल रहे।
बैठक में फैसला हुआ कि यातायात पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में वाहनों के जब्त होने के बाद पार्किंग की समस्या सामने आ रही थी। बैठक में 22 गोदाम पुलिया के नीचे, बगराना, जलमहल-कनक घाटी के पास और किसान धर्मकाटा के निकट खाली जमीन पर अस्थाई पार्किंग विकसित करने का फैसला हुआ। इसके साथ ही यातायात पुलिस ने 200 चौराहों और तिराहों को चिह्नित किया है, जहां स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग दुबारा डलवाई जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जेडीए को यातायात पुलिस और परिवहन विभाग से मिले सर्वे में शहर की 77 सड़कें क्षतिग्रस्त पाई गईं। इनमें से 52 सड़कों का मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि 14 सड़कों पर कार्य प्रगति पर है। बाकी सड़कों पर प्रक्रिया चल रही है।
बैठक में जयपुर में ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए क्यूआर कोड प्रणाली लागू करने का फैसला हुआ। जिससे बिना रजिस्ट्रेशन वाले रिक्शों का संचालन रुक जाएगा और ई-रिक्शा केवल निर्धारित जोन में ही चल पाएंगे। वहीं बढ़ते हादसों को रोकने के लिए दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) को दुरुस्त करने के आदेश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि कई बस चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। ऐसे में जेसीटीएसएल चालकों के लिए नियमित प्रशिक्षण और कार्यशाला आयोजित की जाएंगी। उनसे यह सुनिश्चित कराया जाएगा कि बसें केवल निर्धारित शेल्टर या स्टॉप पर ही रोकी जाए।
इसके साथ ही बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के लिए सर्वे कर नए पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएंगे। वहीं यातायात पुलिस द्वारा शहर के अवैध कटों को बंद किया जाएगा। जबकि चारदीवारी क्षेत्र में लोडिंग वाहनों की एंट्री टाइमिंग तय की जाएगी। बैठक में सीबीआई फाटक से खो नागोरियान की ओर जाने वाली सड़क को चौड़ा करने के निर्देश दिए गए।
वाहन पार्किंग आसान करने के लिए नए पार्किंग स्थल 90 डिग्री के बजाय 30 डिग्री एंगल पर बनाए जाएंगे। चारदीवारी क्षेत्र में रामनिवास पार्किंग की तर्ज पर शहर में अलग – अलग इलाकों में नई अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी। वहीं शहर में औचक प्रवर्तन के लिए मोबाइल एनफोर्समेंट कैमरे उपयोग में लाए जाएंगे। 45 ट्रैफिक पॉइंट्स पर 130 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।




