जिला कलेक्टर उत्सव कौशल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय कार्यक्रमों, मौसमी बीमारियों की स्थिति और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
टीबी मुक्त अभियान के मापदंडों की समीक्षा
बैठक में ‘टीबी मुक्त अभियान’ के अंतर्गत निर्धारित 7 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने अभियान के 5 बिंदुओं में विभाग द्वारा अर्जित प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। वहीं, शेष दो बिंदुओं—सस्पेक्टेड मरीजों की एक्स-रे जांच और टीबी रोगियों को सहायता राशि भुगतान —में कार्य निष्पादन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पाबंद किया कि इन दोनों घटकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
खाद्य सुरक्षा एवं टीकाकरण अभियान
जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर ने जिले में फूड सैंपलिंग की संख्या बढ़ाने और मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति समीक्षा की गई, जिसे संतोषजनक पाया गया। इसके अतिरिक्त, मौसमी बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण हेतु चिकित्सा विभाग द्वारा किए गए कार्यों पर भी जिला कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया।
तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम
तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में कोटपा अधिनियम की पालना सख्ती से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी तंबाकू विक्रेताओं की दुकानों पर वैधानिक चेतावनी प्रदर्शित करवाने और 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पादों का विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए।
आधारभूत ढांचा एवं भूमि आवंटन
चिकित्सा संस्थानों के सुदृढ़ीकरण पर चर्चा करते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में जिन चिकित्सा संस्थानों के पास स्वयं का भवन नहीं है या भूमि उपलब्ध नहीं है, उनके लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ विजय सिंघल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





