जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के अपने संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने जो स्थान सड़क मरम्मत हेतु चिन्हित किए गये थे उन्हें मरम्मत किया जा चुका है। ट्रेफिक कंट्रोल बोर्ड (टीसीबी) में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की अनुपालना में जेडीए द्वारा सड़क सुरक्षा एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने हेतु निरंतर कार्य करवाए जा रहे हैं।
जयपुर विकास आयुक्त आनंदी की अध्यक्षता में हाल ही में सम्पन्न हुई ट्रेफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए जेडीए द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
यातायात पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा नवंबर 2025 में किए गए सर्वेक्षण के आधार पर शहर की 77 क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य किया जाना था।
जेडीए ने इनमें से 75 सड़कों का मरम्मतीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। 02 सड़कों पर तकनीकी कारणों से कार्य किया जाना संभव नहीं है, जबकि अन्य शेष सड़कों पर संज्ञान में आने पर मरम्मत कार्य निरन्तर प्रक्रिया के तहत किया जाता है।
यातायात पुलिस और परिवहन विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, यातायात पुलिस द्वारा चिन्हित 200 प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर सड़क सुरक्षा हेतु स्टॉप लाइन एवं जेब्रा क्रॉसिंग का थर्मोप्लास्टिक मार्किंग कार्य करवाया जा रहा है।
जेडीए द्वारा उक्त स्थानों पर यह महत्वपूर्ण कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है, जिसमें से लगभग 30-40 प्रतिशत कार्य पूर्ण /प्रगिरत है और शेष कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने और सुरक्षित यातायात के लिए जेडीए द्वारा उपरोक्त कार्यों के अतिरिक्त अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय भी किए जा रहे हैं:
आवश्यक स्थानों पर नए यातायात संकेतकों (ट्रैफिक साइन बोर्ड) एवं चेतावनी संकेतों को लगाने तथा पुराने संकेतों के नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) और आवासीय क्षेत्रों में गति नियंत्रण के लिए मानकीकृत रम्बल स्ट्रिप्स और स्पीड ब्रेकर का निर्माण/मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है।
शहर के महत्वपूर्ण चौराहों पर यातायात सिग्नल (ट्रैफिक लाइट) प्रणाली के रखरखाव और बेहतर संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जेडीए आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात उपलब्ध करवाये जाने हेतु निरंतर कार्यरत है।






