भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘विशेष गहन पुनरीक्षण-2026’ अभियान अपने अंतिम और निर्णायक चरण में ऐतिहासिक परिणामों के साथ आगे बढ़ रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर श्री उत्सव कौशल के कुशल नेतृत्व और सतत मॉनिटरिंग के फलस्वरूप, मंगलवार को नगर विधानसभा क्षेत्र ने सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत निस्तारण कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जिले की प्रगति: 7.97 लाख प्रकरण निस्तारित, लक्ष्य पूर्णता की ओर
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा 2 दिसंबर को सायं 4:00 बजे जारी प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, डीग जिले में अब तक कुल 7,97,025 मतदाताओं के प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जा चुका है। जिले की कुल प्रगति 99.69 प्रतिशत दर्ज की गई है। वर्तमान में पूरे जिले में केवल 2,490 प्रपत्र शेष हैं, जिन्हें आगामी कुछ घंटों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर विधानसभा: ‘शून्य पेंडेंसी’ वाला पहला क्षेत्र
आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी चार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्राधिकार में 100% कार्य पूर्ण कर लिया है:
तहसीलदार सीकरी: 100.00%
तहसीलदार नगर: 100.00%
विकास अधिकारी (BDO) डीग: 100.00%
तहसीलदार जनूथर: 100.00% इस प्रकार, नगर विधानसभा क्षेत्र में अब एक भी प्रपत्र लंबित नहीं है ।
डीग-कुम्हेर और कामां में भी कार्य अंतिम चरण में
डीग-कुम्हेर विधानसभा: इस क्षेत्र ने 99.66 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है। विशेष रूप से, एसडीएम कुम्हेर के क्षेत्राधिकार में 99.98 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और मात्र 10 प्रपत्र शेष हैं ।
कामां विधानसभा: यहाँ 99.43 प्रतिशत कार्य संपन्न हो चुका है। एसडीएम पहाड़ी और तहसीलदार पहाड़ी के क्षेत्रों में प्रगति 99% से अधिक है ।
जिला निर्वाचन अधिकारी का संदेश: “बचे हुए कार्य को तत्काल पूर्ण करें”
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर विधानसभा क्षेत्र की टीम को 100% लक्ष्य प्राप्ति पर बधाई दी है। उन्होंने शेष विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे बचे हुए 0.31% कार्य को ‘युद्ध स्तर’ पर लेते हुए तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।






